राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और उन्नयन के लिए राशि स्वीकृत, यादव ने गडकरी का माना आभार

भोपाल, 30 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा मध्यप्रदेश राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और उन्नयन के लिए दी गई स्वीकृति के लिए आभार माना है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के विकास को गति प्रदान करने के लिए 414 करोड़ 84 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि इस स्वीकृति से सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन के महत्वपूर्ण कार्य होंगे। निश्चित ही शिवपुरी और अशोक नगर के साथ अन्य जिलों को भी इसका लाभ मिलेगा। मध्यप्रदेश के विकास को गति मिलेगी और नागरिकों को सुगम यातायात सुविधा मिल जाएगी।

केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी और अशोक नगर जिलों में चंदेरी, बामोर कलां, अचरोनी और चंदेरी लिंक बायपास सहित राष्ट्रीय राजमार्ग-346 के खंड (कुल लंबाई 55.80 किमी) चंदेरी-पिछोर रोड के पेव्ड शोल्डर के साथ 2-लेन के उन्नयन और निर्माण के लिए 414 करोड़ 84 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-346 (कुल लंबाई 334.55 किलोमीटर) झारखेड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-46 आगरा के साथ अपने जंक्शन से शुरू होता है मुंबई रोजड जो बैरसिया (एसएच-23), विदिशा (एनएच-86 एक्सटेंशन), कुरवाई (एसएच-14), मुंगावली, चंदेरी, पिछोर को जोड़ता है और राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर दिनारा में समाप्त होता है।

प्रस्तावित परियोजना का विस्तार प्रदेश के शिवपुरी और अशोक नगर जिलों से होकर गुजरता है। इस क्षेत्र में ऐतिहासिक चंदेरी किला और स्थानीय वस्त्र शिल्प कला केंद्र अशोक नगर जिले में स्थित हैं। यह खंड चंदेरी, गोधन, बुढ़ानपुर, बिजरावां, नया गांव, पिपरा अछरौनी, शिवपुरी, हीरापुर, नायगांव और सुजवाहा गांवों से होकर गुजरता है और उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश से अंतर्राज्यीय- कनेक्टिविटी की सुविधा प्रदान करता है।

परियोजना के क्रियान्वयन से इस खंड पर यातायात सघनता कम होगी और सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए साढ़े तीन हजार करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई और एक महत्वपूर्ण स्वीकृति भोपाल-कानपुर इकोनामिक कॉरीडोर को फोरलेन में अपग्रेड करने के लिए भी प्रदान की जा चुकी है।

 

Next Post

विश्व वेटलैण्ड दिवस पर हुई चित्रकला प्रतियोगिता

Thu Jan 30 , 2025
भोपाल, 30 जनवरी (वार्ता) पर्यावरण नियोजन एवं समन्वयक संगठन (एप्को) भोपाल के मध्यप्रदेश राज्य वेटलैण्ड प्राधिकरण एवं पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में विश्व वेटलैण्ड दिवस के अवसर पर आज जल-तरंग वेटलैण्ड इंटरप्रिटेशन सेंटर बोट क्लब बड़ा तालाब के मध्य ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आधिकारिक जानकारी के […]

You May Like