देवरिया, 30 जनवरी (वार्ता) झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने गुरुवार को कहा कि देश में तीरंदाजी का भविष्य उज्जवल है और तीरंदाजी के लिए अच्छा कार्य हो रहा है।
देवरिया से करीब तीस किलोमीटर दूर रुद्रपुर तहसील के कन्हौली ग्राम में आयोजित एक कार्यक्रम में मुंडा ने कहा “ देश में तीरंदाजी का भविष्य उज्जवल है और यहां तीर धनुष से पूर्व में लड़ाईयां लड़ी गई हैं। भारत में तीरंदाजी में अच्छा कार्य हो रहा है। भविष्य में 2036 के ओलंपिक में तीरंदाजी में पदक की प्रबल संभावना है।”
इस अवसर पर उन्होंने द्रोणाचार्य अवार्डि व अर्जुन अवार्डि संजीव सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया है। भारत सरकार उनके लिए पद्मश्री के लिए भी विचार कर रही हैं।
इस अवसर पर केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि हमारे लोकसभा क्षेत्र के सुदूर ग्रामीण अंचल में तीरंदाजी स्कूल खोलना बहुत ही प्रशंसनीय है। हम लोगों की शुभकामनाएं संजीव सिंह के साथ हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार एवं उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीरंदाजी का ग्रामीण स्तर पर कार्य शुरू हो रहा है। प्रदेश सरकार भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खेल को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहां की देवरिया जनपद में काफी पोटेंशियल है।