दो दिवसीय उत्सव में होंगे विविध आयोजन
सतना : नगर निगम के स्थापना दिवस के अवसर पर दो दिवसीय सतना गौरव दिवस 3.0 का आगाज शुक्रवार की सुबह प्लॉग रन के साथ होगा. इस दो दिवसीय उत्सव के दौरान विविध प्रकार के रंगारंग कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इसी कड़ी में सतना नगर का गौरव बढ़ाने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा.सतना स्मार्ट सिटी इनक्यूबेशन सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महापौर योगेश ताम्रकार ने बताया कि सतना गौरव दिवस 3.0 शुक्रवार की सुबह से आरंभ होगा. जिसका आगाज 24 जनवरी की सुबह 7 बजे प्लॉग रन से होगा. यह दौड़ ननि कार्यालय से आरंभ होकर दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम में समाप्त होगी.
इसी कड़ी में सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक दादा सुखेंद्र सिंह स्टेडियम में दौड़, बास्केटबाल, वॉलीबाल, फुटबाल, म्यूजिकल चेयर, रस्सा-कसी और लगोरी यानी पिट्टू जैसी खेल प्रतियोगिताएं होंगी. इसी दिन द्वितीय पाली में सायं 5 बजे से बीटीआई ग्राउण्ड में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा. जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी. 7 बजे से बीटीआई ग्राउंड में कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. जिसमें दिनेश बावरा मुंबई, प्रताप फौजदार दिल्ली, तेज नारायण शर्मा ग्वालियर, पार्थ नवीन चित्तौडग़ढ़, श्वेता सिंह गोरखपुर, सुमित मिश्रा ओरछा और सतेंद्र पाण्डेय सतना जैसे कवि सम्मिलित होंगे.
वहीं अगले दिन यानी 25 जनवरी को प्रथम पाली में अमौधा तालाब पन्ना रोड पर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक पतंगबाजी, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा. इसी दिन सुबह 10 बजे सोहावल स्थित सन स्पोर्टस एरिना में पत्रकार एकादश, कलेक्टर इलेवन, नगर निगम के पार्षद और निगम प्रशासन की टीम के बीच क्रिकेट मैच खेला जाएगा. वहीं शाम के 5 बजे से बीटीआई ग्राउण्ड में शास्त्रीय वाद्य यंत्र मैहर द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी. जिसमें ज्योति चौधरी अपना जल तरंग की प्रस्तुति देंगी. गौरतलब है कि ज्योति की जल तरंग की प्रस्तुति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना भी मिल चुकी है. उत्सव की अंतिम कड़ी में 25 जनवरी की शाम 7 बजे से बीटीआई ग्राउण्ड में देश-विदेश में अपनी धाक जमा चुके सुप्रसिद्ध बैण्ड कबीर कैफे की प्रस्तुति होगी.
