चेन्नई 22 जनवरी (वार्ता) वैश्विक वाहन ट्रैकिंग और टेलीमैटिक्स समाधान प्रदाता कंपनी एम्बर कनेक्ट ने भारत के टियर-2 शहर कोयंबटूर में 4,000 सीटों वाला अत्याधुनिक नवाचार केंद्र खोलने की योजना बनाई है।
कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि यह केंद्र उन्नत वाहन टेलीमैटिक्स सॉफ्टवेयर का विकास करेगा, जिसे वैश्विक बाजारों में निर्यात किया जाएगा। कंपनी की अगले दो वर्षों में 100 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना है। इससे नौकरी के एक हजार नये पद सृजित होंगे। इस केंद्र की शुरूआत वर्ष 2025 के अंत तक होगी।
भारत को एक रणनीतिक बाजार मानते हुए, एम्बर कनेक्ट देश के 28 राज्यों में परिचालन का विस्तार कर रहा है। कंपनी का लक्ष्य टेलीमैटिक्स और बेड़े प्रबंधन समाधानों में अग्रणी ऑटोमोटिव ओईएम और वितरकों के साथ साझेदारी करना है।
एम्बर ग्रुप के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी दुष्यंत सवदिया ने कहा, “कोयंबटूर जैसे टियर-2 शहर हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। यहां की समृद्ध इंजीनियरिंग प्रतिभा और बढ़ती प्रौद्योगिकी की मांग इसे आदर्श नवाचार केंद्र बनाती है। भारत का बढ़ता डिजिटलीकरण और ऑटोमोटिव उद्योग का विकास हमारे समाधानों के लिए सही अवसर प्रदान करता है।”

