सर्किट हाउस चौक पर बेलगाम हुआ ट्रक

विद्युत पोल उखाड़ा, प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से बची

सतना: मंगलवार देर रात शहर के सर्किट हाउस चौराहे से होकर गुजरने के दौरान अनियंत्रित हुए ट्रक ने एक ओर जहां विद्युत पोल का ध्वस्त कर दिया वहीं दूसरी ओर चौराहे पर स्थापित प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से बची. गनीमत यह रही कि बेलगाम ट्रक द्वारा की गई इस तोडफ़ोड़ के दौरान किसी तरह की अनहोनी सामने नहीं आई.ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 3686 मंगलवार की दरे रात जैसे ही शहर के सर्किट हाउस चौराहे से होता हुआ गुजरा वैसे ही अचानक अनियंत्रित हो गया. तेज रफ्तार होने के कारण ट्रक चालक वाहन को रोकने में नाकाम रहा. लिहाजा देखते ही देखते ट्रक सीधे जाकर वहां पर लगे विद्युत पोल को जोरदार टक्कर मार दी.

ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विद्युत पोल देखते ही देखते ध्वस्त होकर नीचे गिर गया. लेकिन इसके बाद भी ट्रक नहीं रुका और चौराहे पर स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा के चारों ओर बने गोल घेरे से जा टकराया. जिसके चलते वह गोल घेरा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के चलते धड़ाम की आवाज सुनकर आस पास के लोग भागकर वहां पहुंचे. वहां का दृश्य देखकर लोगों को किसी बड़ी दुर्घटना का अंदेशा होने लगा. लेकिन गनीमत इस बात की रही कि वहां से होकर गुजरने वाला कोई अन्य वाहन इस दुर्घटना की चपेट में नहीं आया. अन्यथा बड़ा हादसा सामने आ सकता था. इसी कड़ी में चौराहे पर लगी प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त होने से बच गई. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए थाने में खड़ा करा लिया. ट्रक चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

 सरे राह बाइक-नकदी लूटने वाले 3 युवक गिरफ्तार

Wed Jan 22 , 2025
सहायता मांगने के लिए बाइक रुकवाई और मारपीट कर लूट की घटना को दिया अंजाम सतना : मजदूरी कर बाइक से वापस लौट रहे व्यक्ति से सहायता मांगने के नाम पर रास्ते में रोक लिया गया. बाइक के धीरे होते ही घात लगाए 3 युवकों ने हमला बोल दिया. मजदूर […]

You May Like