परिजनों ने की शिकायत, अधीक्षक ने जांच करने किया दल गठित
जबलपुर: नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में डिलीवरी के बाद बच्चा बदलने की बात को लेकर हडक़ंप मच गया है। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व एक महिला को प्रसव के बाद उसे लडक़ा पैदा हुआ था,परंतु जब बाद में उसे बच्चा दिया गया तो वहां लडक़ी निकली। जिसके चलते परिजनों ने मेडिकल अधीक्षक को लिखित रूप से शिकायत की है, जिस पर मेडिकल अधीक्षक ने जांच करने के लिए दल गठित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार बरगी निवासी महिला रेणुका चौधरी को प्रसव पीड़ा होने पर 18 जनवरी को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां महिला की नार्मल डिलेवरी हुई थी और उसे बेटा पैदा हुआ है। जब बच्चा पैदा हुआ था उस वक्त हाथ पर बेटे होने का टेग लगा था। लेकिन जब महिला के रिश्तेदार को बच्चा दिया गया तो वह लडक़ी थी।
सीनियर डॉक्टर हैं जांच में शामिल
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बच्चा बदलने की बात को लेकर मेडिकल अस्पताल में हडक़ंप मचा हुआ है, वहीं मेडिकल अधीक्षक ने इस मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए सीनियर डॉक्टरों का एक दल गठित कर इस पर जांच करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा इस पूरे मामले की शिकायत मेडिकल अधीक्षक द्वारा गढ़ा थाने में भी दे दी गई है।
पहले मौखिक फिर लिखित शिकायत
मेडिकल अधीक्षक डॉ अरविंद शर्मा ने बताया कि सोमवार को सुबह इसकी मौखिक शिकायत परिजनों द्वारा दी गई थी, जिसके बाद सोमवार की शाम को ही उनके पास लिखित रूप से इसकी शिकायत पहुंची है। जिस पर गंभीरता पूर्वक लेते हुए जांच दल का गठन कर दिया गया है और गढ़ा थाने में भी शिकायत दे दी है, जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी
