नयी दिल्ली, (वार्ता) पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस ने चालू वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर, 2024) के 42.8 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 483.3 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया।
कंपनी के मंगलवार को जारी तिमाही वित्तीय परिणाम के अनुसार तिमाही दर तिमाही आधार पर शुद्ध लाभ में वृद्धि 2.9 प्रतिशत रही। कंपनी को चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में 1,385.8 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो एक साल पहले इसी अवधि के 1,068.8 करोड़ रुपये की तुलना में 29.7 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी का खुदरा ऋण वितरण सालाना आधार पर 31 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,380 करोड़ रुपये रहा। कुल ऋण वितरण में खुदरा ऋण वितरण का योगदान 38 प्रतिशत रहा।
विज्ञप्ति के अनुसार 31 दिसंबर 2024 को पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस का सकल एनपीए 54 बीपीएस घटकर 1.19 प्रतिशत रह गया, जबकि 31 दिसंबर 2023 को यह 1.73 प्रतिशत था।
कंपनी ने कहा कि आलोच्य तिमाही में उसने खुदरा वर्ग में बट्टे खाते में डाले गये 53 करोड़ रुपये के कर्ज की वसूली की।
पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी गिरीश कौसगी ने कहा,“ कंपनी ने वित्त वर्ष 25 की नौवीं तिमाही में रिटेल सेगमेंट में 17.5 प्रतिशत की वृद्धि और संपत्ति पर प्रतिफल 2.48 प्रतिशत(वार्षिक) के साथ अपने विकास और लाभप्रदता मापदंडों को पूरा किया। हमारा किफायती सेगमेंट अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और तिमाही के दौरान इसने 127 प्रतिशत की मजबूत संवितरण वृद्धि के साथ 920 करोड़ रुपये का वितरण किया है। ”
उन्होंने कहा कि कंपनी के पोर्टफोलियो परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार जारी है। कंपनी को तीसरी तिमाही में एनएचबी से 5,000 करोड़ रुपये के कर्ज और 10 करोड़ डॉलर के एक और विदेशी वाणिज्यिक कर्ज जुटाने की स्वीकृति मिली।
कंपनी ने ब्याज सब्सिडी योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सहायता प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत एनएचबी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये हैं।
श्री कौसगी ने कहा, “ कंपनी किफायती और उभरते बाजार खंड और अखिल भारतीय उपस्थिति वाली कंपनी उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिये अच्छी स्थिति में है। ”
