
*सुसाइड नोट में लिखा- अपनी मर्जी से दे रहे जान*
*भाई ने कहा-बेरोजगारी व शादी न होने से से परेशान था मनीष*
ग्वालियर। यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक और उसकी मां ने आत्महत्या कर ली। उनके शव कमरे में मिले हैं। युवक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें लिखा है कि हम मां-बेटे अपनी मर्जी से सुसाइड कर रहे हैं। हमारी मौत के बाद किसी को परेशान नहीं किया जाए।
यह घटना गौसपुरा नंबर एक में बीती देर रात की है। मनीष राजपूत (33) ने सल्फास खाकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के भाई ने बताया कि वह बेरोजगारी और शादी नहीं होने से परेशान था। यह भी चर्चा चली कि बेटे की मौत की खबर सुनकर मां की भी सदमे में मौत हो गई लेकिन मामला आत्महत्या का ही माना जा रहा है। सुसाइड नोट सामने आने के बाद बुजुर्ग महिला का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया गया।
मनीष के भाई अनिल राजपूत ने बताया कि मेरे भाई ने साफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। वह नौकरी की तलाश में था। लेकिन नौकरी नहीं मिलने से वह डिप्रेशन में था। शनिवार देर रात उसने जहर खा लिया। पता चला तो तुरंत मौके पर पहुंचे। कमरे की कुंडी तोड़कर अंदर गए। भाई को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने उसे जयारोग्य अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
*मां का दोबारा पोस्टमार्टम कराया*
ग्वालियर पुलिस ने बताया कि आज सुबह सुसाइड की सूचना मिली थी। तलाशी में सुसाइड नोट मिला। इसमें अपनी मर्जी से जान देने की बात कही गई है। परिजन ने डिप्रेशन की बात कही है। शवों का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया है।
