
भोपाल, 18 जनवरी. बैरसिया इलाके में एक्सीडेंट में घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है. जानकारी के अनुसार राजपाल पुत्र फूलसिंह (30) कजलीखेड़ा कोलार रोड का रहने वाला था. शुक्रवार दोपहर करीब सवा दो बजे बैरसिया थानांतर्गत शमशाबाद रोड पर ग्राम सोहाया जोड़ के पास उसका एक्सीडेंट हो गया था. राहगीरों से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने राजपाल को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल बैरसिया पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने के कारण भोपाल के लिए रैफर कर दिया गया. उसके बाद उसे भोपाल में एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गाय था, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने बताया कि हादसे के समय राजपाल कहां जा रहा था और उसकी बाइक को किस वाहन ने टक्कर मारी थी, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है.
00000000
अज्ञात व्यक्ति की नहीं हुई पहचान
भोपाल, 18 जनवरी. टीटी नगर पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की देर रात यूनिक कालेज के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान की जा सके. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है. शरीर पर मिले चोट के निशानों से अनुमान है कि उसे किसी वाहन ने टक्कर मारी होगी. पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है.
