27 जनवरी को महू के कार्यक्रम की रूपरेखा पर होगी चर्चा, पूर्व गृहमंत्री ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
बड़वानी, (नवभारत)।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार दोपहर को जिला मुख्यालय आएंगे। इस दौरान शहर के नवलपुरा स्थित यादव धर्मशाला में बैठक आयोजित की जाएगी। जिसे लेकर शुक्रवार दोपहर पूर्व गृहमंत्री एवं राजपुर विधायक बाला बच्चन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नानेश चौधरी और विधायक राजन मंडलोई ने बैठक स्थल का निरीक्षण किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नानेश चौधरी के अनुसार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी 19 जनवरी को बड़वानी दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे जिले की चारों विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 3.30 बजे बड़वानी में बैठक लेंगे, शाम 5 बजे श्री पटवारी सेंधवा के लिए रवाना होंगे। जहां वह 6 बजे सेंधवा और पानसेमल विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। शाम 7 बजे जुलवानिया में राजपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। बैठकों का मुख्य एजेंडा 27 जनवरी को महू में होने वाले कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के डॉ अंबेडकर पर दिए गए बयान के विरोध में आयोजित संविधान बचाओ यात्रा का हिस्सा है। महू कार्यक्रम में कांग्रेस की पूरी कार्यसमिति, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खडग़े सहित वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक स्थल के निरीक्षण के दौरान अजय सिंह ठाकुर, करण दरबार, सचिन जोशी, विष्णु बनडे मौजूद थे।