
भोपाल, 17 जनवरी. शाहजहांनाबाद स्थित एक व्यवसायी के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये का सामान समेट ले गए. पुलिस ने रिश्ते के भाई की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. व्यवसायी के भोपाल लौटने पर चोरी गए सामान की सूची और कीमत का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल करीब बारह लाख रुपये का माल चोरी होने की आशंका जताई गई है. जानकारी के अनुसार संजय कुमार जैन (49) हवा महल रोड पीरगेट पर रहते हैं और मेडिकल की दुकान चलाते हैं. उनके पारिवारिक भाई मनोज कुमार जैन (50) प्रभुनगर नीलकंठ कालोनी शाहजहांनाबाद में रहते हैं और किराना व्यवसायी हैं. बीती चौदह जनवरी को मनोज कुमार परिवार के साथ काम से जबलपुर चले गए थे और संजय को मकान का ध्यान रखने का बोल गए थे. गुरुवार सुबह करीब नौ बजे संजय उनके मकान पर पहुंचे तो अंदर का गेट खुला हुआ था. उन्होंने आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला. उन्होंने मनोज को फोन लगाया तो बताया कि वह तो अभी जबलपुर में ही हैं. उसके बाद संजय घर के अंदर पहुंचे तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी भी खुली पड़ी थी. बदमाश घर में रखे जेवरात और नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर गायब हो चुका थे. घर से कितना माल चोरी हुआ है, इसका खुलासा मनोज के लौटने पर ही पता चल पाएगा.
