शहडोल के उद्योगपतियों से संवाद किया मोहन यादव ने

रीवा, 14 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज देर शाम रीवा हवाईअड्डे से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शहडोल संभाग के उद्योगपतियों से संवाद किया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शहडोल में 16 जनवरी को आयोजित होने वाली रीजनल इन्वेस्टर्स मीट के संबंध में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए बड़ी संख्या में निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। अब तक तीन लाख 75 हजार करोड़ रुपयों से अधिक के प्रस्ताव मिल चुके हैं। इनसे लगभग 84 हजार रोजगार के सृजन की संभावना है।
डॉ. यादव ने कहा कि शहडोल संभाग में भी अब तक 20 हजार करोड़ रुपयों के प्रस्ताव मिले हैं। संभाग के तीनों जिलों के कलेक्टर आगामी दो दिनों में स्टार्ट-अप के लिए नए उद्यमियों को तैयार करें। यह वर्ष प्रदेश में उद्योग और रोजगार वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इन्वेस्टर्स मीट से इसके लक्ष्यों की प्राप्ति होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 फरवरी को भोपाल में ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट’ का शुभारंभ करेंगे। यह प्रदेश के विकास के साथ-साथ हमारे लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति पूरे प्रदेश में महिला सशक्तिकरण दिवस के रूप में मनाई जा रही है। उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की बधाई भी दी। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद रीवा जनार्दन मिश्र, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में शहडोल और उमरिया जिले के उद्योगपति बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Next Post

दो कुलगुरु व अन्य के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध

Tue Jan 14 , 2025
ग्वालियर, 14 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रोफेसर अविनाश तिवारी व राजस्थान के बासवाड़ा के कुलगुरु के डॉ के एस ठाकुर व अन्य के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा (ई.ओ.डब्ल्यू) में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। ईओडब्ल्यू पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह तोमर ने बताया कि आवेदक […]

You May Like