श्रीनगर, 11 जनवरी (वार्ता) जम्मू-कश्मीर में मैदानी इलाकों में हल्की वर्षा और ऊंचे इलाकों में हिमपात होने के आसार हैं, जिससे यहां ठंड का प्रकोप जारी है।
कश्मीर के लगभग सभी मौसम केंद्रों ने शुक्रवार देर रात शून्य से नीचे तापमान दर्ज किया।
मौसम विभाग के श्रीनगर कार्यालय ने कहा कि केन्द्र शासित प्रदेश का 12-14 जनवरी तक आमतौर पर मौसम शुष्क रहने जबकि 15-16 जनवरी को अलग-अलग ऊंचे इलाकों में हल्का हिमपात के साथ बादल छाए रहने का अनुमान है।
कश्मीर संभाग में, राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। कश्मीर घाटी को लद्दाख से जोड़ने वाले ज़ोजिला दर्रे में न्यूनतम तापमान शून्य से 32.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो इस क्षेत्र के सबसे ठंडे स्थानों में से एक रहा। उत्तरी कश्मीर के स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड और पहलगाम में न्यूनतम तापमान क्रमशः शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस और शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर से काफी नीचे है। बडगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम, बारामूला में शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम और पुलवामा में शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
जम्मू संभाग में उच्च न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, लेकिन ठंड का प्रकोप अभी भी है। जम्मू में तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष के इस समय के लिए सामान्य है, जबकि बनिहाल में 0.2 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। कटरा में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि कश्मीर वर्तमान में ‘चिल्लई-कलां’ की चपेट में है, जो सर्दियों का सबसे कठोर चरण है, जो 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलता है। अगले 40 दिनों तक चलने वाले इस अवधि में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट और हिमपात होने के आसार बढ़ जाते हैं।
