भोपाल, 10 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की अध्यक्षता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थित में आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक संयुक्त बैठक आयोजित की गयी।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से यहां मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ आगामी 27 जनवरी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान रैली की तैयारियों को लेकर रणनीति बनायी गयी।
कांग्रेस महासचिव श्री सिंह ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुये कहा कि कांग्रेस संगठन बड़ा संगठन है। भाजपा जनता को भ्रमित कर देश में नफरत फैलाने की राजनीति करती है। कांग्रेस आगामी दिनों में नये कार्यक्रम तैयार कर रही हैं, जिसमें ग्रामीण स्तर तक हर घर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पहुंच होगी। जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान का शुभारंभ कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किया जा रहा है, जिसमें देश और प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं सहित करीब 2 लाख कार्यकर्ता जुटेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि बुनियादी तौर पर हमारा संघर्ष विचारधारा का है। बाबा साहेब ने हमें सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक न्याय, विचार की अभिव्यक्ति, विष्वास की अभिव्यक्ति, धर्म और उपासना की प्रतिष्ठा और गरिमा बनाये रखने के लिए संविधान का स्वरूप दिया। राजनीति में पांच सूत्र आवश्यक है संपर्क, संवाद, स्वभाव, समावेश और सम्मान। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में अजा-अजजा वर्ग की एक भी भर्तियां नहीं हुई, बैकलांग की भर्ती नहीं हुई। पहले अजा-अजजा वर्ग के लिए बजट अलग से होता था, वह समाप्त कर दिया गया है।
प्रदेष कांग्रेस अध्यक्ष श्री पटवारी ने कहा कि जातिगत जनगणना देष के गरीबों, आरक्षित वर्गों के लिए आवश्यक है। भाजपा ने बाबा साहेब के संविधान को उद्योगपतियों की नीति से परे रखा है। बाबा साहेब का अपमान, संविधान का अपमान करना भाजपा की विचारधारा है। भाजपा द्वारा शिक्षा, सरकारी संस्थाओं का निजीकरण किया जा रहा है। दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग को लाभ देने के लिए बजट में कटौती कर दी गई है। हमें इन परिस्थितियों से लड़ने के लिए तैयार रहना है।
श्री पटवारी ने जय बापू, जय भीम जय संविधान अभियान को सफल एवं प्रभावी बनाने जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, जिला प्रभारी सहप्रभारी और पदाधिकारियों को कार्यक्रम जारी किया जिसमें उन्होंने कहा कि 15 जनवरी के पूर्व जिला स्तर पर, 17 जनवरी तक ब्लाक स्तर पर, 21 जनवरी तक मण्डलों, सेक्टरों में बैठकें आयोजित कर सुनिश्चित करें कि महू में होने वाले 27 जनवरी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से एक लाख कार्यकर्ता महू पहुंचेंगे।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा में भेदभाव की नीति चल रही है। भाजपा का एक ही एजेंडा है जनता को भ्रमित कर संविधान के साथ छेडछाड़ करना। मध्यप्रदेश की सरकार दिल्ली से चल रही है। दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के हितों को छीनने का काम भाजपा द्वारा किया जा रहा है।
इस अवसर पर पदाधिकारियों से संगठन की मजबूती के लिए सुझाव लिये गये। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र सिंह, फूलसिंह बरैया, रामेश्वर नीखरा, सज्जन सिंह वर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, मुकेश नायक, राजीव सिंह, शोभा ओझा, कुणाल चौधरी, आरिफ मसूद, महेन्द्र जोशी, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष योगेश यादव, विभा पटेल, मितेन्द्र सिंह यादव, आशुतोश चौकसे आदि मंचासीन थे।
