
पीथमपुर में देश की पहली हाइड्रोजन-सीएनजी बाहा व्हीकल का केंदीय मंत्री ने किया अनावरण
संजय बाजपेई
धार. भारत व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग में विश्व में चौथे स्थान पर था मगर 6 माह पहले व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग में भारत विश्व में तीसरे स्थान पर है और आने वाले भविष्य में हम पहले स्थान पर पहुंचेंगे. हम लगातार इथेनॉल, बायोडीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहन के उपयोग को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं. आने वाले दिनों में हमारे देश का किसान हमारा ईंधन दाता बनेगा.
यह बात केंद्रीय सड़क परिवहन और राज्य मार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कही. वे एशिया की सबसे बड़ी औद्योगिक नगरी पीथमपुर के नेट्रेक्स ऑटो टेस्टिंग ट्रैक में बाहा इवेंट में भारत के विभिन्न क्षेत्रों के इंजीनियरों के द्वारा बनाई गई बग्गियों का अनावरण करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने देश का पहला हाइड्रोजन सीएनजी मिश्रित ईंधन से चलने वाली बग्गी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. देश के विभिन्न क्षेत्र से पहुंचे इंजीनियरिंग के छात्रों ने अलग-अलग बग्गियों को डिजाइन किया है जिसको नेट्रिक्स के अलग अलग ट्रैकों पर कई मापदंडों पर खरा उतारने के लिए रेस में शामिल किया जाएगा.
देश में व्हीकल इंड्रस्ट्रीज आगे बढ़ रही
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने बताया उनके पास जो इनोवा कार है वह इथेनॉल और बिजली से चल रही है. यह जीरो प्रतिशत प्रदूषण करती है. भारत की सभी बड़ी कंपनियां भविष्य को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल, डीजल के अलावा अन्य पर लगातार काम कर रही हैं. लगातार व्हीकल इंड्रस्ट्रीज देश में आगे बढ़ रही है. लाखों रोजगार भी युवाओं को मिल पा रहा है. टाटा, महिंद्रा, आयशर जैसी अनेकों कंपनियां देश की नंबर 1 मैन्युफैक्चर कंपनियों बनी हुई है. पीथमपुर से लौटकर गडकरी इंदौर के लिए रवाना हुए.
इवेंट बड़ा बदलाव लाएगा
बाहा इवेंट मैनेजमेंट के सलाहकार कमल वोहरा ने बताया कि यह बाहा इवेंट का 18 संस्करण है. 18 सालों में काफी बदलाव नजर आए हैं. 2007 में एम बाहा आईसी इंजिन शुरू किया था. 2015 में एपीजे अब्दुल कलाम जी को प्रेरणा मानते हुए, ई.बाहा इलेक्टि्रक व्हीकल इवेंट किया गया था. 2024 में सीएनजी व्हीकल का इवेंट किया था और अब हम एचसीएनजी (हाइड्रोजन+सीएनजी) बाहा इवेंट की शुरुआत कर रहे हैं. यह इवेंट व्हीकल इंडस्ट्री में एक बड़ा बदलाव लाएगा, जिसमें कम लागत में व्हीकल जल्द ही सड़कों पर दौड़ते नजर आएंगे.
