
नयी दिल्ली 08 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस ने बुधवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर ‘जीवन रक्षा योजना’ नाम से अपनी दूसरी गारंटी की घोषणा की।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने यहां दिल्ली कांग्रेस के मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में ‘जीवन रक्षा योजना’ की घोषणा की। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष देवेंद्र यादव, पार्टी के प्रदेश प्रभारी काजी निजामुद्दी, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ योगानंद शास्त्री और प्रो. किरण वालिया मौजूद थे।
कांग्रेस ने अपनी दूसरी गारंटी ‘जीवन रक्षा योजना’ के तहत दिल्लीवासियों को 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया है, जिससे दिल्ली का कोई भी नागरिक सरकारी और गैर सरकारी अस्पताल में मुफ्त में इलाज करा पायेगा।
इस मौके पर श्री गहलोत ने कहा कि हमने राजस्थान में लोगों के स्वास्थ्य के मद्देनजर मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना शुरू की थी, जिसके तहत लोगों को 25 लाख रुपये तक किसी भी अस्पताल में इलाज कराने सुविधा प्रदान की थी। इस योजना के तहत सीटी, स्कैन, अल्ट्रासाउंड जैसी सभी जांच मुफ्त में की जाती है। इसके साथ ही अंग ट्रांसप्लांट की भी सुविधा इस योजना के तहत मुफ्त में उपलब्ध है। उसी तरह का आज हम दिल्लीवासियों के लिये ‘जीवन रक्षा योजना’ की घोषणा कर रहे हैं। इस योजना के लागू होने पर सरकारी और निजी अस्पतालों में लोगों 25 लाख रुपये तक मुफ्त में इलाज करा पायेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की यह प्रस्तावित योजना दिल्ली के लोगों के लिये ‘गेम चेंजर’ साबित होगी। उन्होंने कहा,“ दिल्ली में इस बार कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना बढ़ती जा रही है। मेरा मानना है कि यह देश के लिये जरूरी भी है। ”
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना दिल्ली के निवासियों की स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिये पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस योजना की घोषणा के दौरान कांग्रेस के चुनावी अभियान का नारा ‘होगी हर जरूरी पूरी, कांग्रेस है, जरूरी’ को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया, जो हर किसी के लिये आवश्यक सेवायें सुनिश्चित करने के कांग्रेस के ‘वादे’ को दर्शाता है।
इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिये हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला और कहा कि हिंदू-मुस्लिम का नारा देकर सत्ता तो हासिल की जा सकती है, लेकिन विकास के कार्य नहीं किये जा सकते हैं। इसके लिये सभी धर्म के लोगों को मिलाकर चलने की जरूरत होती है।
श्री यादव में कहा कि दिल्ली की हवा जहरीली है, जल दूषित है और भोजन में मिलावट है, इसलिये यह योजना दिल्ली वासियों के लिये जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने का है।
गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस ने छह जनवरी (सोमवार) को ‘प्यारी दीदी योजना’ का ऐलान किया था और इस योजना के तहत सत्ता में आने पर महिलाओं को प्रति महीने 2,500 रुपये की वित्तीय मदद देने का वादा किया है। इस योजना को कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने लॉन्च किया था।
