सामान्य से 5 डिग्री नीचे लुढक़ा दिन का पारा, कोल्ड डे कंडीशन से सिहर उठे लोग
सतना: शाम ढलने से लेकर सुबह होने तक तीखी गलन से हलाकान हो रहे लोगों की मुसीबत उस वक्त और बढ़ती नजर आई जब घने कोहरे और बादलों के समिश्रण ने कोल्ड डे की स्थिति पैदा कर दी. सूर्य देव की लुका छिपी के चलते एक ओर जहां दिन का पारा सामान्य की तुलना में 4.7 डिग्री नीचे चला गया. वहीं दूसरी ओर सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुराने में कोई कसर नहीं रख छोड़ी. मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिन के इस तापमान में एक ओर जहां सामान्य की तुलना में 4.7 डिग्री सेल्सियस की अप्रत्याशित गिरावट दर्ज की गई. वहीं दूसरी ओर पिछले 24 घंटे के भीतर इसमें 4.6 डिग्री की कमी आंकी गई.
पूर्वी नम हवाओं का असर शुरु होने के कारण हलांकि पिछले 3 दिनों से शहर सहित जिले भर में कोहरे का जबरदस्त असर देखने को मिल रहा था. लेकिन पूर्वी हवाओं के साथ-साथ उत्तरी पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और अरब सागर से आने वाली नमी के चलते ऐसा समिश्रण तैयार हुआ कि घने कोहरे का साथ देने के लिए बादल भी पहुंच गए. घने कोहरे और बादलों के मिले-जुले असर के चलते एक ओर जहां शहर सहित जिले भर में दोपहर होने तक सूर्य देव के दर्शन ही नहीं हुए. वहीं दूसरी ओर कोहरा छंटने के बाद भी बादलों ने सूर्य देव की तपिश को रोके रखा. बादलों के बीच सूर्य देव की लुका छिपी के चलते रविवार को पूरे दिन कोल्ड डे कंडीशन बनी रही.
नतीजतन चलने वाली सर्द हवाओं ने पूरे दिन लोगों को ठिठुराते रहने में कोई कसर नहीं रख छोड़ी. मौसम के बदले तेवर के चलते लोगों को दिन में भी अलाव जलाकर राहत पाने के लिए मजबूर होना पड़ गया. हलांकि मौसम के बदले तेवर की वजह से रात की तीखी गलन में मामूली सुधार हुआ था. लेकिन ठंडे दिन की स्थिति ने उस पर पानी फेर दिया. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल 20 जनवरी तक तो कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं. हलांकि कोहरे और बादलों का असर 1-2 दिन तक जारी रहने के कारण कोल्ड डे कंशीन बनी रहेगी. लेकिन उसके बाद पश्चिमी हवाओं की सक्रियता बढ़ जाने के कारण दिन में धूप खिलने की संभावना प्रबल हो जाएगी. उस दौरान एक बार फिर से रात का पारा नीचे गिरने का क्रम शुरु हो जाएगा. वहीं बन रहे मौसमी सिस्टम के चलते मकर संक्रांति तक एक बार फिर बादलों की मेहरबानी से किसानों के चेहरों पर रौनक आ सकती है.
सुबह 10 बजे से खुलेंगे स्कूल
कड़ाके की ठंड के चलते तापमान में लगातार होती जा रही गिरावट को देखते हुए जिले भर में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, आईसीएसई और सीबीएसई सहित अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की संभावना प्रबल हो गई है. इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुराग वर्मा द्वारा आदेश जारी करते हुए कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के समस्त विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन करते हुए प्रात: 10 बजे से नियत किया गया है. कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार सुबह 10 बजे से पहले शाला का संचालन प्रतिबंधित रहेगा.
