पुलिस को देखकर उभरी चिंता की लकीरें, गुलदस्ता मिला तो खुशी में बदली

मेले में अच्छी साफ-सफाई मिलने पर भेलपूरी दुकानदार को किया सम्मानित
ग्वालियर:बड़ी संख्या में पुलिस को नजदीक आते देखकर भेलपुरी दुकान के मालिक के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आईं। पर पुलिस ने दुकान पर जाकर गुलदस्ता भेंट किया और कहा कि हम सब आपके स्वागत के लिए आए हैं तो दुकान मालिक का चेहरा खुशी से खिल गया। यह सुखद वाकया ग्वालियर व्यापार मेला के छत्री नं. 12 के समीप स्थित मुम्बई वाले की भेलपुरी दुकान का है।
दुकानदारों व सैलानियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए पुलिस अधिकारी व लगभग 30 जवान मेले के विभिन्न सेक्टर में भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान छत्री नं. 12 के समीप स्थित मुम्बई वाले की भेलपुरी नाम से संचालित दुकान पर सैलानियों की भीड़ लगी थी। पर दुकान के आस-पास जरा सी भी गंदगी नहीं थी और दुकान के सामने एक बड़ी सी डस्टबिन रखी थी। यह देखकर एसडीओपी श्री संतोष पटेल ने दुकान मालिक को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।

साथ ही मेला देखने आए सैलानियों ने तालियां बजाकर दुकानदार का स्वागत किया। यह देखकर नजदीक में स्थित अन्य दुकानदारों ने भी अपनी दुकान के आसपास साफ-सफाई की बेहतर से बेहतर व्यवस्था करने का संकल्प लिया।पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने मेले में तैनात किए गए सभी पुलिस बल को निर्देश दिए हैं कि वे सुरक्षा के साथ-साथ मेला में दुकानदारों व सैलानियों के स्वाभिमान व सम्मान का भी ध्यान रखें। इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस ने भेलपुरी दुकानदार को गुलदस्ता भेंट कर साफ-सफाई के लिये प्रोत्साहित किया

Next Post

ग्वालियर व्यापार मेले में 20 से 27 जनवरी तक होगा दंगल

Fri Jan 3 , 2025
कवि सम्मेलन एवं वृहद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा ग्वालियर:ग्वालियर व्यापार मेले में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली दंगल प्रतियोगिता का आयोजन होने के साथ ही कवि सम्मेलन और वृहद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जायेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन संस्कृति विभाग के माध्यम से और दंगल प्रतियोगिता का […]

You May Like