वाद्य यंत्र प्रदर्शनी का उद्घाटन
इंदौर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस वर्ष अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है. इस उपलक्ष में पूरे देश में वर्ष भर लगातार कार्यक्रम होंगे. इसकी शुरुआत मालवा प्रांत से हो रही है. संघ प्रमुख इंदौर और ओंकारेश्वर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. प्रमुख कार्यक्रम 3 जनवरी को दशहरा मैदान पर होगा.इस अवसर पर मालवा प्रांत के प्रशिक्षित घोष वादक स्वयंसेवक स्वर शतकम कार्यक्रम के तहत घोष वादन करेंगे. इस कार्यक्रम के लिए 20,000 नागरिकों को निमंत्रित किया गया है
घोष के प्रकट कार्यक्रम स्वर शतकम मालवा के एक दिवस पूर्व स्वयंसेवकों ने जम कर पसीना बहाया. कार्यक्रम स्थल पर लगभग एक हजार वादकों ने घंटों तक पूर्वाभ्यास करते हुए, कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति को सुनिश्चित किया. आयोजन स्थल पर प्राचीन वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है.
प्रदर्शनी का उद्घाटन मालवा प्रान्त कार्यवाह विनीत नवाथे और इंदौर विभाग संघचालक माननीय डॉ.मुकेश मोढ़ के द्वारा पुष्पार्पण कर के किया गया. संस्कार भारती द्वारा प्रस्तुत इस प्रदर्शनी के संबंध में संस्कार भारती के इंदौर जिला उपाध्यक्ष डॉ. विलास सप्रे ने बताया कि प्रदर्शित वाद्यों में कुछ तो दो सौ वर्ष प्राचीन वाद्य हैं. प्रदर्शनी में इसराज, सूरबहार,सारंगी, मोहन वीणा और रावण हत्था जैसे दुर्लभ वाद्य यंत्र भी रखे गए हैं. कल यह प्रदर्शनी कार्यक्रम के दौरान अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेगी.
