कार से लौट रहे थे तालोद, डंपर ने मारी टक्कर, पुलिस तलाश मेंं जुटी
उज्जैन। जीजा के साथ कार में सवार होकर साला बडऩगर रोड से आधी रात को गुजर रहा था। तेजगति से आए डंपर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में जीजा गंभीर घायल हो गया साले की घटना स्थल पर मौत हुई है।
चिंतामण थाना पुलिस ने बताया कि बडऩगर रोड रेलवे क्रॉसिंग पर रात 12.30 बजे के लगभग कार में सवार दो लोगों को तेजगति से आए डंपर ने टक्कर मार दी थी। दोनों में हुई भिड़ंत के चलते कार में सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से चालक डंपर लेकर भाग निकला। घटना की जानकारी रखते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को चरक भवन पहुंचाया गया जहां एक की मौत होना सामने आया। दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई थी उनके पास मौजूद दस्तावेजों से मृतक की पहचान वीरेंद्र पिता संजय आंजना 21 वर्ष निवासी साबूखेड़ी विजियागंज मंडी के रूप में की गई।
घायल अर्जुन आंजना निवासी ग्राम तालोद होना सामने आया। दुर्घटना की जानकारी लगते ही रात में परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। इस दौरान सामने आया कि मृतक और घायल जीजा-साले हैं। वीरेंद्र अपने जीजा अर्जुन के यहां आया था और दोनों कार से बडऩगर की ओर गए थे जहां से रात में वापस ग्राम तालोद लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है। डंपर चालक की तलाश की जा रही है।