भाजपा का कार्यकर्ता बड़ी ताकत, सामूहिक शक्ति से होती रामराज्य की स्थापना: यादव

भोपाल, 15 अप्रैल मध्यप्रदेश के मुख्यमंंत्री डॉ मोहन यादव ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि कार्यकर्ता वो ताकत है, जिससे पार्टी ने कई रिकॉर्ड बनाए और सामूहिक शक्ति एकत्रित होने से ही रामराज्य की स्थापना होती है।

डॉ यादव कल देर शाम राजधानी भोपाल में भोपाल उत्तर विधानसभा के पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी आलोक शर्मा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। यह उपलब्धि ऐसे ही हासिल नहीं की है। इसके पीछे पार्टी के कार्यकर्ताओं का संघर्ष है, भाजपा का कार्यकर्ता वह ताकत है, जिसके कारण पार्टी ने कई रिकार्ड बनाए और आगे भी बनाएगी। जब सामूहिक शक्तियां एकत्रित होती हैं तो रामराज्य की स्थापना होती है। कार्यकर्ताओं को रामायण एवं श्रीराम के जीवन से सीखना चाहिए कि किस तरह से भगवान श्रीराम ने अपनी सेना तैयार की और किस तरह उन्होंने रामराज्य की स्थापना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण सबने पढ़ी है और रामायण के कुछ घटनाक्रमों को याद करें तो देखेंगे कि रामजी का जीवन कितना उतार-चढ़ाव वाला रहा। उन्होंने कहा कि बड़ा कार्य करने के लिए सबको साथ लेकर चलना पड़ता है। श्रीराम का भी लक्ष्य बड़ा था और उन्होंने अपनी सेना भी बड़ी बनाई। भाजपा का लक्ष्य भी बड़ा है, इसलिए अपने कार्यकर्ताओं को जुटाते जाओ।

कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि इस बार भोपाल लोकसभा के पुराने सारे रिकार्डों को तोड़ते हुए रिकार्ड मतों से जीत हासिल करना है और प्रधानमंत्री के संकल्प अबकी बार-400 पार को पूरा करना है।

Next Post

बाबा साहेब अम्बेडकर के बनाए गए संविधान की रक्षा हर हाल में करेंगे: पटवारी

Mon Apr 15 , 2024
भोपाल ,अप्रैल  मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर के द्वारा बनाए गये संविधान की रक्षा हर हाल में करेंगे। श्री पटवारी और अन्य कांग्रेसजनों ने संविधान निर्माता, भारत रत्न, डॉ. भीमराव अंबेडकर की 133 वीं जयंती पर आज बोर्ड आफिस चौराहा स्थित अंबेडकर की प्रतिमा […]

You May Like