
बड़वानी, 06 दिसंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र के वेरवाड़ा में विवाद के उपरांत महिला की हत्या करने के मामले में आज उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम वेरवाड़ा में 39 वर्षीय वरली बाई की हत्या करने के आरोप में आज उसके पति रुमालिया को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार दंपति गुजरात में मजदूरी करते है और एक शोक के कार्यक्रम के चलते अपने घर लौटे थे। 3 दिसंबर को खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में रूमालिया ने उसे जमकर पीटा और मरने के बाद खाट पर डालकर चद्दर उढा दिया। जब उसका पुत्र नीलेश घर लौटा तो उसने मां को जगाया लेकिन नहीं जगने पर पिता से संतोष जनक जवाब नहीं मिलने पर जब उसने चादर हटाया तो जगह-जगह चोट के निशान पाये। इसके अलावा मकान में खून भी बिखरा मिला। इसके बाद उसने ग्रामीणों की सहायता से पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने घटना का मूल कारण चरित्र शंका को बताया जिसके चलते दंपति में विवाद होता रहता था। दंपति के चार संतान थी जिसमें से तीन की शादी हो चुकी थी।