भोपाल, 25 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की मध्यप्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया ने आज कहा कि कांग्रेस और उसकी महिला नेता महिला अत्याचारों को लेकर घडि़याली आंसू बहाती हैं और उन्हें कांग्रेसशासित राज्यों में महिला अत्याचारों की स्थिति दिखायी नहीं देती।
कांग्रेस प्रवक्ता साधना भारती और महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती नूरी खान के राज्य में महिला अत्याचारों संबंधी आरोपों के परिप्रेक्ष्य में भाजपा नेता श्रीमती नारोलिया ने यहां एक विज्ञप्ति के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता बेटियों की आबरू और उन पर होने वाले अत्याचारों को भी राजनीति के चश्मे से देखते हैं और ऐसे मामलों में इनका विरोध सिर्फ भाजपा शासित राज्यों तक ही सीमित होता है। कांग्रेसशासित राज्यों की घटनाओं पर वे क्यों चुप हो जाते हैं।
श्रीमती नारोलिया ने राज्य की भाजपा सरकार की ओर से महिलाओं और बालिकाओं के हित में उठाए गए कदमों का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह सब दिखायी नहीं देता। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसकी सरकारें बहन-बेटियों की सुरक्षा, उनके अधिकार और उनके कल्याण के प्रति कितनी संवदेनशील हैं, इसके लिए भाजपा सरकार को कांग्रेस के किसी नेता से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।