ममता बनर्जी ने रतन टाटा के निधन पर जताया शोक

कोलकाता, 10 अक्टूबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को उद्योगपति और टाटा संस के मानद अध्यक्ष रतन टाटा के निधन पर दु:ख व्यक्त किया।

सुश्री बनर्जी ने ‘एक्स’ पर लिखा “ टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष भारतीय उद्योगों के अग्रणी नेता और जनहितैषी परोपकारी व्यक्ति थे। उनका निधन भारतीय व्यापार जगत और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति होगी। उनके परिवार के सभी सदस्यों और सहकर्मियों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ”

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने उद्योगपति के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा “ श्री रतन टाटा के निधन से गहरा दुख हुआ। ईमानदारी, नैतिक नेतृत्व और परोपकार की एक मिसाल, उन्होंने व्यापार की दुनिया और उससे परे एक अमिट छाप छोड़ी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्हें यह जानकर गहरा दुख हुआ कि देश के सबसे बड़े समूहों में से एक टाटा संस के मानद अध्यक्ष रतन टाटा का निधन हो गया है।

नंदीग्राम के विधायक ने ‘एक्स’ पर कहा “ संभवतः भारतीय औद्योगिक परिदृश्य के सबसे चमकते सितारों में से एक, उन्होंने न केवल अपनी कंपनी की प्रतिष्ठा को दुनिया भर में बढ़ाया, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया कि हमारे देश को एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में पहचाना जाये। उनकी परोपकारी गतिविधियां उन्हें उनके साथियों से अलग करती हैं। उद्योग जगत के सच्चे दिग्गज और महान दूरदर्शी को हर भारतीय बहुत याद करेगा। वह देश के सच्चे सपूत हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले, ओम शांति।”

गौरतलब है कि उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई में निधन हो गया। वह 86 साल के थे।

Next Post

भारत ही नहीं, विश्व उद्योग जगत में रहेगी रिक्तता : यादव

Thu Oct 10 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 10 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने देश के सुप्रसिद्ध उद्योगपति श्री रतन टाटा के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि उनके देहांत से सिर्फ भारत ही नहीं, अपितु समस्त […]

You May Like

मनोरंजन