सेना प्रमुख फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर रवाना

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) भारत और फ्रांस के बीच रक्षा संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी रविवार को फ्रांस की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए।

रक्षा मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि जनरल द्विवेदी 24 से 27 फरवरी तक फ्रांस में रहेंगे।

सेनाध्यक्ष 24 तारीख को पेरिस के लेस इनवैलिड्स में फ्रांस के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। वह फ्रांसीसी सेना प्रमुख जनरल पियरे शिल के साथ चर्चा करेंगे।

बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच मजबूत सैन्य संबंधों को बढ़ावा देना होगा। यात्रा कार्यक्रम में पेरिस के प्रतिष्ठित मिलिट्री स्कूल और इंस्टीट्यूशन कॉम्प्लेक्स इकोले मिलिटेयर का दौरा भी शामिल है, जहां जनरल द्विवेदी को फ्यूचर कॉम्बैट कमांड (सीसीएफ) के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा उन्हें फ्रांसीसी सेना के तकनीकी अनुभाग (एसटीएटी) की जानकारी दी जाएगी और वह वर्सेल्स में बैटल लैब टेरे का दौरा करेंगे।

जनरल द्विवेदी 25 तारीख को मार्सिले की यात्रा करेंगे, जहां वह फ्रांसीसी सेना के तीसरे डिवीजन का दौरा करेंगे और उन्हें तीसरे डिवीजन के मिशन और भूमिका, द्विपक्षीय अभ्यास शक्ति, भारत-फ्रांस प्रशिक्षण सहयोग और फ्रांसीसी सेना आधुनिकीकरण कार्यक्रम (स्कॉर्पियन) के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इसके अगले दिन वह लाइव फायरिंग अभ्यास के साथ स्कॉर्पियन डिवीजन के एक गतिशील प्रदर्शन को देखने के लिए कार्पियाग्ने का दौरा करेंगे।

सेनाध्यक्ष 27 तारीख को प्रथम विश्व युद्ध में भाग लेने वाले शहीद भारतीय सैनिकों के सम्मान में पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए न्यूवे चैपल भारतीय युद्ध स्मारक का दौरा करेंगे।

Next Post

रेखा ने विकसित दिल्ली के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार काम करने का किया वादा

Sun Feb 23 , 2025
नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि वह विकसित दिल्ली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार काम करेंगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मिलकर दिल्लीवालों के सपने को साकार करेंगी। श्रीमती गुप्ता ने सांसद कमलजीत सहरावत एवं सुश्री बांसुरी स्वराज […]

You May Like