नयी दिल्ली, 25 सितम्बर (वार्ता) कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि गुजरात में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और महिलाओं के साथ आये दिन यौन शोषण तथा दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं जिससे साफ होता है कि राज्य में कानून का राज ध्वस्त हो चुका है।
कांग्रेस का कहना है कि गुजरात में यौनाचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इन घटनाओं से महिलाओं के लिए राज्य में असुरक्षा माहौल और बढ़ गया है लेकिन सरकार इस बारे में कोई कदम नहीं उठा रही है। महिलाओं के साथ दुष्कर्म के कई आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से संबंधित बताए जा रहे हैं। स्कूलों में यौनाचार की घटनाएं हो रही हैं और इन घटनाओं से राज्य की महिलाओं में दहशत है लेकिन इन घटनाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खामोश हैं। वह अपनी चुप्पी नहीं तोड़ रहे हैं।
गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिह गोहिल ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा,“ गुजरात में महिलाओं से जुड़ी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं लेकिन सरकार या प्रधानमंत्री इस एक शब्द नहीं बोल रहे हैं। दो दिन पहले राज्य के दाहोद में एक सरकारी स्कूल का प्रिंसिपल अपने ही स्कूल की छह साल की छात्रा के साथ कार में दुष्कर्म करता है। जब बच्ची चिल्लाने लगती है तो उसका गला घोंटकर मार देता है। ये राक्षसी कृत्य करने वाला अपने आपको समाज सुधारक बताता है। राक्षसी कृत्य करने वाला ये प्रिंसिपल आरएसएस-भाजपा की विचारधारा का प्रचारक है और चुनावों में भाजपा का प्रचार करता रहा है।”
उन्होंने कहा,“ मेहसाणा में तंत्र-मंत्र विद्या के नाम पर एक आदमी नाबालिग को फंसाता है और उसके साथ दुष्कर्म करता है।नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में भाजपा युवा मोर्चा का महासचिव गौरव आरोपी पाया गया जो अब जेल में हैं। इसी तरह वडोदरा में भाजपा का एक नेता एक विवाहित महिला के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म करता है और फिर जान से मारने की धमकी देता है। गुजरात में अपराधी और बदमाश भाजपा के सदस्य बन जाते हैं और सदस्य बनने के बाद मानो उन्हें अपराध करने का लाइसेंस मिल जाता है।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “गुजरात के एक अखबार में छपी खबर के अनुसार महिलाओं से अपराध करने वालों का कहीं न कहीं भाजपा कनेक्शन है। इन तमाम घटनाओं से साफ हो गया है कि गुजरात में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। गुजरात में आये दिन इतना सब कुछ हो रहा है लेकिन श्री मोदी इन घटनाओं पर खामोश हैं।”
उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा किया और कहा,‘‘गुजरात में सरकारी स्कूल के शिक्षकों को टार्गेट दिया गया है कि आपको लोगों को भाजपा का सदस्य बनाना है। बच्चों से मोबाइल नंबर और उनसे ओटीपी मांगा जा रहा है। सरकारी अस्पताल में इंजेक्शन लेने गए पेशेंट से ओटीपी मांगा जाता है।”