इस बार के संगठन चुनाव के बाद मध्य प्रदेश भाजपा का भी बिल्कुल नया चेहरा दिखेगा. यहां भी पीढ़ी परिवर्तन किया जाएगा. भाजपा की इस महत्वाकांक्षी योजना पर काम करने की जिम्मेदारी मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु शर्मा को दी गई है. इस मामले में संघ की मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारी भी भाजपा को लगातार मार्गदर्शन देंगे. संघ ने क्षेत्र कार्यवाह यशवंत इंदापुरकर को भाजपा से समन्वय करने की जवाबदारी दी है.
15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गैर राजनीतिक पृष्ठभूमि के एक लाख युवाओं से आह्वान किया था कि वो राजनीति में आएं. प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप मध्य प्रदेश में भाजपा काम कर रही है. संघ भी चाहता है कि अधिक से अधिक युवाओं को सत्ता और संगठन में भागीदारी दी जाए. मध्य प्रदेश भाजपा विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में सदस्यता का नया कीर्तिमान भी बनाने जा रही है. सदस्यता अभियान के बाद संगठन चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ होगी. पहले मंडल स्तर तक चुनाव होंगे उसके बाद जिला कार्यकारिणी बनेगी और बाद में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा.