मॉस्को 17 सितंबर (वार्ता) रूस के विरुद्ध प्रतिबंधों के कारण रूसी व्यापार में ब्रिक्स देशों की हिस्सेदारी में वृद्धि हुई है।
रूस के आर्थिक विकास मंत्रालय में व्यापार वार्ता विभाग की निदेशक एकातेरिना मेयोरोवा ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने डब्ल्यूटीओ पब्लिक फोरम के भाग के रूप में रूसी डब्ल्यूटीओ विशेषज्ञता केंद्र द्वारा आयोजित सत्र ‘री-ब्रिक्सिंग: व्यापार से अपेक्षाएँ’ के अवसर पर कहा ‘रूस के विरुद्ध प्रतिबंधों के कारण हम पश्चिम के साथ अपने व्यापार में कटौती कर रहे हैं जबकि इसके विपरीत हम ब्रिक्स देशों के साथ इसे बढ़ा रहे हैं। यदि हम ब्रिक्स के साथ अपने व्यापार संबंधों की गतिशीलता को देखें तो उनके साथ व्यापार में हिस्सेदारी स्पष्ट रूप से बढ़ी है। हाँ कठिनाइयाँ हैं लेकिन हम काम कर रहे हैं।’
उन्होंने कहा कि रूस ने बार-बार कहा है कि वह उन प्रतिबंधों के दबाव का सामना करेगा जो पश्चिम ने कई वर्षों पहले रूस पर लगाने शुरू किए थे और जो लगातार बढ़ते जा रहे है। मास्को ने कहा कि पश्चिम में रूस के खिलाफ प्रतिबंधों की विफलता को स्वीकार करने का साहस नहीं है। पश्चिम में बार-बार यह राय व्यक्त की गई है कि रूस विरोधी प्रतिबंध अप्रभावी थे।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस को नियंत्रित करने और उसे कमजोर करने की नीति पश्चिम की दीर्घकालिक रणनीति थी और प्रतिबंधों ने पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था को गंभीर झटका दिया है।
श्री पुतिन के अनुसार पश्चिम का मुख्य लक्ष्य लाखों लोगों के जीवन को खराब करना है।