पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध मौत

खंडवा, 24 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना थाने में कल रात पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि जिले के दीवाल गांव के निवासी धर्मेंद्र सिंह (32) को पुलिस ने चार दिन पहले हुई मोटरसायकल की चोरी के मामले में कल गिरफ्तार किया था। उसे लॉकअप में रखा गया था, जहां रात में उसने कंबल से फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। इस घटना की जानकारी पुलिस को सुबह लगी। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए खंडवा लाया गया और उसके परिजनों को सूचित किया गया। वह मूलतः खरगोन जिले के नेमित गांव का रहने वाला था। शादी के बाद वह अपने ससुराल खंडवा जिले के दीवाल गांव आ गया था।

इस मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस पर उसके साथ गंभीर मारपीट का आरोप लगाया है। जबकि प्रशासन ने घटना की न्यायिक जाँच के आदेश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने लापरवाही बरतने के आरोप में पंधाना थाने के प्रभारी सहित एक सब इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है। मृतक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम होने और उसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चल सकेगी।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि आरोपी नेे कंबल को फाड़कर रस्सी की तरह उपयोग किया और लॉकअप के रोशनदान में फंदा बनाकर फांसी पर लटक गया। जानकारी मिलने पर उसे पहले पंधाना अस्पताल फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया थाना प्रभारी पंधाना, एक उप निरीक्षक और दो आरक्षक की गंभीर लापरवाही पाई जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अभिरक्षा में आरोपी की मृत्यु होने के चलते इस मामले में न्यायिक जाँच के आदेश दिए गए हैं। इसके बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसमें तत्काल गंभीरता से कार्यवाही की जाएगी।

Next Post

इंदौर की सड़कें जलमग्न, कांग्रेस ने साधा निशाना

Sat Aug 24 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email इंदौर, 24 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के इंदौर में एक दिन तेज बारिश के दौरान सड़कें पूरी तरह जलमग्न होने के बीच कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। इंदौर में गुरुवार देर रात से शुरु हुई बारिश […]

You May Like

मनोरंजन