सिलहट, 23 अप्रैल (वार्ता) बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के सुरक्षा अधिकारी इकराम चौधरी की बुधवार को बंगलादेश और जिम्बाब्वे के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
सिलहट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (एसआईसीएस) प्रबंधक जॉयदीप दास ने बताया कि आज सुबह दिल का दौरा पड़ने के बाद इकराम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका निधन हो गया।
जॉयदीप ने कहा, “वह स्टेडियम में थे जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा और हम उन्हें तुरंत अल हरमैन अस्पताल ले गए। उन्हें पहले सीसीयू और फिर आईसीयू में ले जाया गया। उन्हें जीवन रक्षा प्रणाली पर रखा गया था, लेकिन यह बहुत घातक दिल का दौरा था, इसलिए उन्हें बचाया नहीं जा सका।”
इकराम ने 2014 से सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बीसीबी के सुरक्षा संपर्क अधिकारी के रूप में सेवा शुरू की थी। बीसीबी ने इकराम के अचानक और असामयिक निधन पर गहरा सदमा और दुख व्यक्त किया है।

