पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद गुप्ता ने कांग्रेस हाथ छोड़ा, सीएम से ले सकते हैं भाजपा की सदस्यता

० पत्रकारवार्ता में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष का छलका दर्द -कहा कि कांग्रेस में प्रदेश पदाधिकारी होने के बाद भी प्रदेशाध्यक्ष को हर बार अपना परिचय बताना पड़ता था

० श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस संगठन आधारित नही, व्यक्ति आधारित पार्टी है

० मैं पद लेकर खाली बैठने वाला नही, कांग्रेस में पद के अनुरूप कभी कोई दायित्व नही मिला

सीधी 19 मार्च। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद गुप्ता ने आज कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे दिया। यह कयास लगाये जा रहे हैं कि 20 मार्च बुधवार को सीधी आ रहे मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के हांथों वे भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं।

आयोजित पत्रकारवार्ता में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष श्री गुप्ता का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश पदाधिकारी होने के बाद भी प्रदेशाध्यक्ष को हर बार अपना परिचय बताना पड़ता था। श्री गुप्ता ने आगे कहा कि कांग्रेस संगठन आधारित नहीं, व्यक्ति आधारित पार्टी है। मैं पद लेकर खाली बैठने वाला व्यक्ति नहीं हूं। कांग्रेस में पद के अनुरूप कभी कोई दायित्व नहीं मिलने से काफी मायूसी में था। श्री गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2019 में जब लोकसभा चुनाव का फार्म भराया जा रहा था उसी दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। तभी से वह पार्टी की रीति-नीति के अनुसार कार्य कर रहे थे। पार्टी का पक्ष वह हमेशा मीडिया के माध्यम से रखते रहे हैं। पांच वर्ष में अनुभव हुआ कि पार्टी संगठन पूरी तरह से निष्क्रिय है, इस अवधि में प्रदेश पार्टी संगठन की एक बार भी बैठक कभी कार्यालय में आहुत नहीं की गई। पार्टी द्वारा उन्हें कोई जिम्मेदारी भी नहीं सौंपी गई जिससे वह किसी जिला, विधानसभा क्षेत्र या अन्य क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिये सक्रियता के साथ कार्य कर सकें। श्री गुप्ता ने कहा कि मैं पार्टी गाईडलाइन से काम कर रहा था। कांग्रेस पार्टी में रहते हुये यह एहसास हो गया कि यहां समर्पित रूप से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को अहमियत नहीं दी जाती। पूर्व से ही जनपद, जिला पंचायत, विधानसभा की जिम्मेदारी एक ही लोगों को सौंपने की परम्परा बनी हुई है। इस वजह से पार्टी के अंदर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढक़र अन्य जिम्मेदारी मिलने का अवसर नहीं है।

श्री गुप्ता का कहना था कि किसी भी राजनैतिक दल के नेता को जो समर्पित रूप से पार्टी में काम कर रहे हैं उन्हें उचित मंच मिलना चाहिये। सभी नेताओं की राजनैतिक महत्वाकांक्षा होती है कि उन्हें भी पार्टी की ओर से आगे बढऩे का अवसर दिया जाए। कांग्रेस पार्टी में यह सब कुछ नहीं है। एक सवाल के जवाब में श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद वह किस पार्टी में जायेंगे यह सभी को 24 घंटे के अंदर मालूम पड़ जायेगा।

राजनैतिक सफर पर एक नजर-

लालचंद गुप्ता की पहचान एक कद्दावर नेता के रूप में है। वर्ष 1980 से वह सक्रिय राजनीति में हैं। वर्ष 1986 में व्यापारी संघ के जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुये। 1986-87 में भाजयुमो जिला कार्यसमिति सदस्य, 1993 से 1998 तक भाजयुमो सीधी के जिलाध्यक्ष, वर्ष 1998-2000 तक भाजपा जिला महामंत्री, 2000-2004 तक भाजपा जिलाध्यक्ष सीधी, 2009-2015 तक भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, वर्ष 2015-2018 तक भाजपा जिलाध्यक्ष सीधी, वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा छोडक़र कांग्रेस की सदस्यता ली थी।

०००००००००००००००००

Next Post

24 को बालीपुर धाम पहुंचेंगे संपूर्ण रामायण धारावाहिक के कलाकार अरुण गोविल

Tue Mar 19 , 2024
श्रीमती दीपिका चिखलिया व श्री सुनील लहरी धर्ममयी गंगा में सराबोर है बालीपुर धाम   धार। श्री बालीपुर धाम में अवतार श्री गजानंद जी महाराज बाबा जी के 104 वे अवतरण दिवस पर 1008 श्री श्री योगेश जी महाराज एवं श्री सुधाकर जी महाराज की अगुवाई में द्वारा मंत्रोच्चार के […]

You May Like