पहली बार एक ही ओवर में बने रिकार्ड सर्वाधिक 39 रन

नयी दिल्ली 20 अगस्त (वार्ता) समोआ के बल्लेबाज डैरियस वीसे ने वनुआतु के खिलाफ टी-20 विश्वकप ईस्ट एशिया-पैसिफिक रीजन क्वालिफायर मुकाबले में अब तक के सभी रिकार्डो को ध्वस्त करते हुए एक ही ओवर में छह छक्के के साथ ही टीम के खाते में 39 रन जोड़े का अद्भुत कारनामा किया। इस ओवर में हुई तीन नो बॉलों के कारण यह टी-20 इतिहास में एक ओवर में बनाए गए सर्वाधिक रन हैं।

यह कारनामा समोआ की पारी के 15वें ओवर में हुआ। नलिन निपिको ने जब इस ओवर की शुरुआत की तो वीसे ने उनकी पहली तीन गेंदों पर डीप मिड विकेट के ऊपर लगातार छक्के लगाये। इसके ठीक बाद निपिको ने फ्रंटफुट नो बॉल डाली और फ्री हिट पर वीसे ने लेग साइड में छक्का लगा दिया। हालांकि इसकी अगली गेंद खाली रही और गेंद नॉन स्ट्राइकर एंड पर स्टंप्स से टकरा गई। निपिको ने एक बार फिर ओवरस्टेप किया और अगली गेंद पर उन्होंने हाइट की नो बॉल डाल दी, जिसे वीसे ने फाइन लेग के ऊपर से पुल कर सीमा रेखा के पार पहुंचा दिया। ओवर की अंतिम गेंद ऑफ स्टंप के बाहर लो फुल टॉस थी जिसे वीसे ने स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्का जड़ दिया।

इस अलावा वीसे ने इस मुकाबले में कई रिकार्ड तोड़े। वीसे टी-20 में शतक लगाने वाले समोआ के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने अपनी पारी में 14 छक्के लगाए जो एक पारी में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्कों की सूची में पांचवें स्थान पर है। टीम द्वारा बनाए गए कुल 174 रनों में वीसे के 132 रन थे जो किसी टी-20 पारी में एक बल्लेबाज द्वारा टीम के रनों की तुलना में बनाए गए प्रतिशत रनों के हिसाब से सर्वाधिक है। समोआ के कुल रनों की तुलना में वीसे ने 75.86 प्रतिशत रन बनाए। इससे पहले यह कीर्तिमान ऐरन फिंच (75.1 प्रतिशत) के नाम था। इसके साथ ही वीसे ने अब से पहले इस प्रारूप में पांच बार एक ओवर में बनाए गए 36 रनों के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया।

यह मुकाबला समोआ ने 10 रनों से जीत लिया और वीसे ने गेंदबाजी के दौरान एक विकेट भी लिया।

उल्लेखनीय है कि अगर एक ही ओवर में छह छक्के लगाने की बात की जाये तो पांच बार यह कारनाम पहले भी हो चुका है। वर्ष 2007 में भारत के युवराज सिंह यह कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज थे उन्होंने इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के जड़े थे। इसके बाद वेस्टइंडीज के कायरन पोलार्ड ने वर्ष 2021 में श्रीलंका के खिलाफ और 2024 में नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी ने भी एक ही ओवर में छह छक्के जड़े।

अन्य दो अवसरों पर एक ही ओवर में छह छक्के नहीं लगे थे लेकिन एक्स्ट्रा गेंदों की मदद से एक ओवर में टीम के स्कोर में 36 रनों की वृद्धि हुई थी। टी-20 विश्वकप 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ निकोलस पूरन की बल्लेबाजी के दौरान वेस्टइंडीज की पारी में यह कीर्तिमान बना था। 2024 में ही अफगानिस्तान के खिलाफ यह कारनामा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और रिंकू सिंह ने मिलकर बनाया था।

 

Next Post

दिग्विजय हुए कोरोना पॉजिटिव, लोगों से की अपना ध्यान रखने की अपील

Tue Aug 20 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 20 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने स्वयं के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद लोगों से अपील की है कि वे कोविड से बचने के लिए अपना ख्याल […]

You May Like