इंदौर-मानपुर फ़ोरलेन हाईवे पर एक तेज गति ट्रक ने अनियंत्रित होकर एक के बाद एक 5 कारों को टक्कर मारी, फिर कंटेनर से जा टकरा गया।
इससे ट्रक और कंटेनर में आग लग गई। हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे धामनोद के गणपति घाट पर फोरलेन हाईवे पर हुआ। इसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए, जिन्हें मानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कहा जा रहा है कि ट्रक इंदौर की ओर से आ रहा था। तभी वह बेक़ाबू हो गया। ट्रक की चपेट में पांच कारें आ गईं।
हादसे की जानकारी लगते ही काकड़दा और धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। जानकारी मिलते ही धामनोद, महेश्वर और मानपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ भी पहुंची। जिसने ट्रक और कंटेनर में लगी आग बुझाई।
काकड़दा चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने जानकारी दी कि ट्रक के ब्रेक फेल होने से वह 5 कारों को टक्कर मारते हुए कंटेनर से टकरा गया। घटना के बाद जाम लग गया। जिसे पुलिस ने खुलवाया और फिर से यातायात शुरू करवाया।