
जबलपुर। रविवार को शहर के ग्लोबल कॉलेज स्थित केंद्र पर कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट-2026) का आयोजन किया गया। परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्र के बाहर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की भारी आवाजाही शुरू हो गई थी, जिससे परिसर के आसपास खासी चहल-पहल बनी रही।
प्रबंधन के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना संजोए युवाओं में परीक्षा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही केंद्र के मुख्य द्वार पर प्रवेश के लिए परीक्षार्थियों का जुटना शुरू हो गया था। हालांकि, सख्त दिशा-निर्देशों के बावजूद कई अभ्यर्थी ऐसे भी नजर आए, जो निर्धारित समय निकल जाने के बाद हड़बड़ाते और भागते हुए परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। एक तरफ जहां केंद्र के भीतर प्रवेश की प्रक्रिया चल रही थी, वहीं दूसरी ओर परिसर के बाहर यातायात और वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रखना बड़ी चुनौती बना रहा। परीक्षार्थियों और अभिभावकों के वाहनों की भारी भीड़ के बावजूद मौके पर व्यवस्था संभालने के लिए केवल 2 से 3 कर्मचारी ही तैनात नजर आए। इन कर्मचारियों ने ही लगातार आ रहे वाहनों को सही स्थान पर पार्क कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देकर यातायात को नियंत्रित रखा।
