
मंदसौर। भगवान श्री पशुपतिनाथ के 64वें मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में संगीत की एक यादगार शाम सजी। बॉलीवुड के सदाबहार गीतों और सुरीली आवाजों से सजे इस कार्यक्रम में ‘वॉइस ऑफ कुमार सानू’ के नाम से पहचान बनाने वाले गायक मनीष कनोदिया ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कुमार सानू के लोकप्रिय गीतों को उन्हीं के अंदाज में प्रस्तुत कर संगीतप्रेमियों की खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम में गायिका अनु कारपेंटर सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से रंग जमाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजकुमार अग्रवाल की गीत प्रस्तुति ‘भोले ओ भोले’ से हुआ। इसके बाद मनीष कनोदिया ने ‘दो दिन मिल रहे हैं’ गीत के साथ सुरों की महफिल को आगे बढ़ाया। उन्होंने ‘चांद सितारे फूल और खुशबू’, ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’, ‘कितना हसीन चेहरा’, ‘सोचेंगे तुम्हें प्यार’, ‘ये काली-काली आंखें’, ‘तू मेरी जिंदगी है’ और ‘नजर के सामने जिगर के पास’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मनीष ने अपनी गायकी के जरिए कुमार सानू के स्वर्णिम दौर की यादें ताजा कर दीं। इसके साथ ही ‘किसी से तुम प्यार करो’, ‘कुछ ना कहो’, ‘जब कोई बात बिगड़ जाए’, ‘धीरे-धीरे से मेरी जिंदगी में आना’, ‘दिल है कि मानता नहीं’, ‘ये दुआ है मेरी रब से’, ‘दिल जाने जिगर तुझपे निसार किया है’, ‘मैं तो रास्ते से जा रहा था’ और ‘तेरी चुनरिया दिल ले गई’ जैसे गीतों ने कार्यक्रम में मौजूद श्रोताओं को संगीत के पुराने दौर में पहुंचा दिया।
युगल गीतों ने जमाया रंग
कार्यक्रम में युगल गीतों की प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण रहीं। ‘वॉइस ऑफ अलका याग्निक’ अनु कारपेंटर ने मनीष कनोदिया के साथ ‘इस प्यार से मेरी तरफ न देखो’, ‘मैं तो रास्ते से जा रहा था’, ‘नजर के सामने जिगर के पास’, ‘जब कोई बात बिगड़ जाए’ और ‘तेरी चुनरिया दिल ले गई’ जैसे गीत प्रस्तुत किए। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी को श्रोताओं ने खूब सराहा। वहीं श्रीमती सुजीता पवार ने ‘अक्सर इस दुनिया में’ गीत की प्रस्तुति देकर अपनी गायकी का हुनर दिखाया।
अनु कारपेंटर, राजकुमार अग्रवाल, सुजीता पवार सहित रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, कमलेश सिसोदिया, नम्रता चावला एवं अन्य संगीतप्रेमियों ने मनीष कनोदिया की गायकी की सराहना की।
कुमार सानू के प्रति अनूठी श्रद्धा, प्रतिदिन लगाते हैं भोग
मनीष कनोदिया की गायकी के साथ उनके पसंदीदा गायक कुमार सानू के प्रति उनकी श्रद्धा भी चर्चा का विषय रही। मनीष कुमार सानू को अपना आदर्श ही नहीं, बल्कि भगवान के समान मानते हैं। उनके प्रति अपनी आस्था और प्रेम प्रकट करने के लिए वे प्रतिदिन उन्हें भोग लगाते हैं तथा उनका जन्मदिन भी विशेष रूप से मनाते हैं। उल्लेखनीय है कि कुमार सानू का जन्मदिन 20 अक्टूबर को आता है। मनीष द्वारा उनके जन्मदिन पर तैयार की गई विशेष पोस्ट को स्वयं कुमार सानू ने अपने व्यक्तिगत सोशल मीडिया पेज पर साझा किया था। यह प्रसंग मनीष के संगीत के प्रति समर्पण और अपने आदर्श गायक के प्रति उनकी गहरी निष्ठा को दर्शाता है।
अतिथियों ने किया शुभारंभ, कलाकारों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के प्रारंभ में मेनपुरिया आश्रम के मणि महेश चैतन्यजी महाराज, तीन छत्री बालाजी के रामकिशोरदासजी, भागवताचार्य पं. विष्णु शर्मा, समाजसेवी राजेश चाहुजा, पं. अरुण शर्मा, उमेश ज्ञानानी, विनोद मेहता, नरेंद्र व्यास, भाजपा महिला नेत्री श्रीमती प्रीति रोखले, सुश्री रानू भावसार, श्रीमती बिंदु चंद्रे, श्रीमती विद्या कड़ोतिया, श्रीमती संध्या शर्मा, श्रीमती निर्मला गर्ग, अनुराधा भार्गव, श्रीमती आरती दवे, श्रीमती लता मेहता, श्रीमती उमा सैनी, श्रीमती तुलसा खत्री एवं पत्रकार गोपाल मंगोलिया सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
अतिथियों का स्वागत नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता प्रितेश चावला, मेला सभापति कमलेश सिसोदिया, मेला समिति सदस्य श्रीमती सुनीता भावसार, श्रीमती रेखा राजेश सोनी ऐरावाला, गोवर्धन कुमावत, दीपक गाजवा, प्रीतम पंचोली, जलकार्य सभापति निलेश जैन, पार्षद भारती पाटीदार, भावना जयप्रकाश पमनानी, मेला अधिकारी पी.एस. धार्वे एवं मेला लिपिक राजेंद्र नीमा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पमालाओं से किया।
कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र कुमार त्रिवेदी ‘सूत्रधार’ ने प्रभावशाली अंदाज में किया। उन्होंने स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने और मेले में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए नगर पालिका परिषद के संपूर्ण परिवार के प्रति कलाकार जगत की ओर से आभार व्यक्त किया। देर रात तक चली संगीत की इस महफिल में श्रोताओं ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
