
उल्लेखनीय है कि आई टी पार्क रीवा का कार्य आदेश 4 फरवरी 2025 को जारी किया गया था. आईटी पार्क रीवा का कुल क्षेत्रफल 0.509 हेक्टेयर है और इसकी निर्माण लागत 48 करोड़ 88 लाख रुपए है. टीएनसीपी से अनुमति प्राप्त है. आईटी पार्क रीवा का लगभग 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है. बेसमेंट सहित सात तलों का स्ट्रेक्चर का कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष 40 प्रतिशत कार्य प्रगति पर है. बी ब्लॉक का निर्माण कार्य शुरू होना शेष है. कमिश्नर ने ए ब्लॉक के साथ-साथ ही बी ब्लॉक का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए.
कमिश्नर ने एमपीआईडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए की आईटी पार्क का सीमांकन का कार्य नए सिरे से कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत करें. कमिश्नर ने कहा कि यदि मास्टर प्लान में रोड का प्रावधान नहीं है तो रोड के लिए स्पेस नहीं छोडा जाएगा.
एमपी आईडीसी के कार्यकारी निदेशक श्री तिवारी ने बताया कि आईटी पार्क में 400, 500, 1000 एवं 2000 एवं उससे अधिक स्केयर फीट तक की जगह आई टी कंपनियों को सेल की जाएगी. आईटी पार्क में बाबा रामदेव ने भी रुचि दिखाई है और आईटी पार्क में पतंजलि के लिए स्पेस मांगा है. श्री तिवारी ने बताया कि आईटी पार्क बिल्डिंग कंप्लीट होने पर वास्तविक लागत निकल आएगी. आईटी पार्क में सॉफ्टवेयर कंपनियां, कॉल सेंटर, एआई ट्रेनिंग सेंटर, कंप्यूटर कॉलेज वाले अपना ऑफिस बना सकेंगे. वर्तमान में स्थानीय आईटी पेशेवरों ने भी आईटी पार्क रीवा में अपनी रुचि दिखाई है. कमिश्नर ने निर्देश दिए कि एमपीआईडीसी और बेहतर तरीके से मार्केटिंग का प्लान बनाएं. कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने एमपीआईडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह इंटरेस्ट कॉल करें और आईटी कंपनियां को आईटी पार्क में आने के लिए प्रेरित करें.
आईटी पार्क विंध्य क्षेत्र का पहला आईटी पार्क होगा और विंध्य क्षेत्र के हब के रूप में इसे पहचान मिलेगी. आईटी पार्क से प्रत्यक्ष रूप से 2 हजार रोजगार का सृजन होगा. रीवा जिले के आईटी क्षेत्र से संबंधित निवासियों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा, उन्हें सभी सुविधाएं आईटी पार्क में उपलब्ध हो सकेंगी. बाहर से आईटी कंपनी, एआई, ड्रोन और तकनीकी आधारित कंपनियां व्यवसाय के उद्देश्य से आकर्षित होकर आएंगी. आईटी पार्क से रोजगार के अवसर तो बढ़ेंगे ही साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और आईटी एवं तकनीकी आधारित कंपनियों को सरकारी नीतिगत अंतर्गत आधुनिक बुनियादी लाभ भी मिलेगा. आईटी कंपनियों के साथ-साथ सुरक्षा रखरखाव कैफेटेरिया एवं अन्य सेवाओं में कुशल श्रमिक लोगों को रोजगार मिलेगा. आईटी पार्क बिल्डिंग में हाई स्पीड इंटरनेट, बिजली आपूर्ति, कॉन्फ्रेंस हॉल रहेंगे साथ ही बेहतरीन पार्किंग की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी. आईटी पार्क के निर्माण से आसपास के क्षेत्र में रियल एस्टेट, परिवहन, होटल और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी. सबसे महत्वपूर्ण है एक ही जगह कई कंपनियां और पेशेवर के होने से काम आसान होगा. नए आइडिया जनरेट होंगे और आधुनिक दफ्तर की सुविधा मिलेगी. निरीक्षण के दौरान एमपीआईडीसी की एई सुशांतिका सिंह, जनरल मैनेजर एम के शुक्ला सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे.
