ग्वालियर:कंपनी अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं करने के मामले में सत्र न्यायालय ने दो अपीलार्थियों को राहत देने से इनकार करते हुए निचली अदालत की सजा बरकरार रखी है। नवम् अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आत्माराम टांक की अदालत ने मैसर्स परिवार डेयरीज एण्ड एलाइड लिमिटेड से जुड़े मामले में बसंतलाल शर्मा और प्रदीप कुमार शर्मा की आपराधिक अपील को सारहीन मानते हुए 26 नवंबर को खारिज कर दिया। साथ ही सीजेएम न्यायालय द्वारा 26 नवंबर 2025 को सुनाई गई दोषसिद्धि और अर्थदंड की पुष्टि की।
कंपनी रजिस्ट्रार की ओर से प्रस्तुत परिवाद के अनुसार, कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2007-08, 2010-11, 2011-12 और 2012-13 में वार्षिक आमसभा आयोजित नहीं की और न ही निर्धारित शुल्क के साथ वार्षिक विवरणियां दाखिल कीं। इस पर कंपनी अधिनियम 1956 की धारा 162 के तहत सजा सुनाई गई थी। अपीलार्थियों ने वर्ष 2011 में कंपनी सील होने का तर्क दिया, लेकिन अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने उल्लंघन प्रमाणित मानते हुए निचली अदालत के फैसले में हस्तक्षेप से इनकार कर दिया।
