सतना: जिले में अन्नदाताओं के साथ हो रहे खुलेआम छल का मामला सामने आने के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई महज औपचारिकता तक सिमट कर रह गई है। बीते दिनों जिले में डीएपी खाद की बोरियों में नकली खाद मिलने की शिकायत किसानों द्वारा की गई थी। मामले के तूल पकड़ने पर कृषि विभाग ने आनन-फानन में संबंधित दुकान को सील कर अपनी पीठ तो थपथपा ली, लेकिन इस गोरखधंधे की जड़ तक पहुंचने में विभाग अब तक पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है।
कार्रवाई के कई दिन बीत जाने के बाद भी कृषि कल्याण विभाग यह पता नहीं लगा पाया है कि जिले में नकली खाद की यह खेप आखिर कहां से आ रही थी और इसके पीछे कौन-सा गिरोह सक्रिय है। नकली खाद माफिया के अब तक पकड़े न जाने से विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दुकान सील कर सिमटी जांच
सिर्फ दुकान सील करने की कार्रवाई से इस पूरे मामले की तह तक पहुंचना मुश्किल माना जा रहा है, जिससे मुख्य सप्लायरों के बच निकलने की आशंका बनी हुई है। जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मिलावटी खाद की यह बिक्री कब से जारी थी और इससे फसलों को किस स्तर तक नुकसान पहुंचा है। जब तक सप्लाई नेटवर्क से जुड़े मुख्य माफियाओं को चिह्नित कर उन पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक नकली खाद के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लग पाना आसान नहीं दिख रहा है।
कृषि कल्याण विभाग के उप संचालक आशीष पांडेय ने बताया कि जिले में नकली खाद मिलने के बाद से खाद दुकानों की लगातार जांच की जा रही है। अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
