सतना: खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसानों का इंतजार खत्म हो गया है। जिले में निर्धारित 67 उपार्जन केंद्रों पर 1 दिसंबर से धान खरीदी शुरू होकर 20 जनवरी 2027 तक चलेगी। शासन द्वारा धान कॉमन का समर्थन मूल्य 2441 रुपए और ग्रेड-ए का 2461 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है।
उपार्जन केंद्रों पर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खरीदी की जाएगी, जबकि शनिवार और रविवार को अवकाश रहेगा। उपज बेचने के लिए किसानों को केंद्र और तारीख का चयन कर स्लॉट बुकिंग कराना अनिवार्य होगा। खरीदी पंजीयन में दर्ज भूमि और निर्धारित उत्पादकता के आधार पर होगी। बारदानों की व्यवस्था के तहत 54 प्रतिशत नए और 46 प्रतिशत पुराने जूट बारदानों का उपयोग किया जाएगा।
कांटों का सत्यापन अनिवार्य, गड़बड़ी पर संस्था होगी बाहर
खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और तौल में अनियमितता रोकने के लिए नापतौल विभाग के निरीक्षकों को सभी केंद्रों के कांटों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी केंद्र पर गड़बड़ी प्रमाणित होने पर संबंधित संस्था को उपार्जन कार्य से तत्काल पृथक कर दिया जाएगा।
ज्वार और बाजरा की खरीदी भी जारी
धान के अतिरिक्त जिले में 23 नवंबर से समर्थन मूल्य पर ज्वार और बाजरा की खरीदी भी चल रही है, जो 23 दिसंबर तक जारी रहेगी। इसके तहत ज्वार मालदंडी का समर्थन मूल्य 4073 रुपए, ज्वार हाइब्रिड का 4023 रुपए और बाजरा का समर्थन मूल्य 2900 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
