रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व बढ़ाकर चार करोड़ टन करने पर विचार कर रही है सरकार

नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति में आई बाधा के बाद अब सरकार रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व (एसपीआर) बढ़ाकर चार करोड़ टन करने पर “गंभीरता से” विचार कर रही है। वर्तमान में देश में 53.3 लाख टन पेट्रोलियम का रणनीतिक भंडार है जो तीन अलग-अलग स्थानों पर भूमिगत गुफाओं में है। इसमें 13.3 लाख टन आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में और कर्नाटक के मेंगलुरु में 15 लाख टन तथा पादुर में 25 लाख टन का भंडार है।

यह लगभग 9.5 दिन के लिए देश की कुल खपत के बराबर है। देश के नीति निर्धारण में मुख्य भूमिका निभाने वाले नीति आयोग में सलाहकार (ऊर्जा) राजनाथ राम ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि मौजूदा दौर में हर देश ऊर्जा को रणनीतिक परिसंपत्ति मान रहा है। पश्चिम एशिया संकट के दौरान भारत आपूर्ति में आई बाधाओं से बेहतरीन ढंग से निपटा है लेकिन इसने कुछ सीख भी दी है। उन्होंने कहा, “सरकार चार करोड़ टन कच्चे तेल का रणनीतिक भंडार बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है।”

श्री राम ने इंडियन उद्योग संगठन इंडियन चैम्बर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) द्वारा भविष्य के ईंधन और ऊर्जा स्रोतों के बारे में आयोजित एक सम्मेलन में कहा कि देश में गैर-जीवाश्म ईंधनों का इस्तेमाल बढ़ रहा है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि जीवाश्म ईंधनों की मांग कम हो रही है। पिछले एक साल में पवन और सौर ऊर्जा का उत्पादन 18 प्रतिशत बढ़ने के बाद भी कुल ऊर्जा खपत में जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा की हिस्सेदारी 86 प्रतिशत पर बनी हुई है। हरित ऊर्जा बढ़ती हुई मांग की पूर्ति कर रहा है। उन्होंने कहा कि साल 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए देश में बिजली की खपत चार से पांच गुणा हो सकती है। इसकी पूर्ति के लिए हरित ऊर्जा के साथ जीवाश्म ईंधन की मांग भी बढ़ेगी।
मौजूदा भू-राजनैतिक परिस्थितियों के बीच जीवाश्म ईंधन के लिए आयात पर निर्भरता कम करने की जरूरत पर जोर देते हुए श्री राम ने कहा कि देश अपनी जरूरत का 88 प्रतिशत कच्चा तेल, 60 प्रतिशत एलपीजी और 51 प्रतिशत प्राकृतिक गैस आयात करता है।

हरित ऊर्जा के क्षेत्र में हर साल 50,000 करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत है जबकि मात्र 10,000 करोड़ रुपये का सालाना निवेश हो रहा है। उन्होंने ऊर्जा आयात के लिए किसी एक स्रोत पर निर्भरता समाप्त करने की भी वकालत की। कार्यक्रम के दौरान इसी विषय पर एक रिपोर्ट भी जारी की गई। उद्घाटन सत्र को पारिजात अर्थ फाउंडेशन की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शुभी गोयल, ऊर्जा पर आईसीसी की राष्ट्रीय विशेषज्ञ समिति के अध्यक्ष अनिल राजदान और आईसीसी के उत्तर क्षेत्र के निदेशक देवमाल्य बनर्जी ने भी संबोधित किया।

.....

Next Post

चांदी का आयात शुल्क मूल्य 203 डॉलर घटा

Fri Nov 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) सरकार ने चांदी के आयात शुल्क मूल्य में 203 डॉलर प्रति किलोग्राम की भारी कटौती की है। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, चांदी का आयात शुल्क मूल्य शु्क्रवार से 1,293 डॉलर प्रति किलोग्राम तय किया गया है। इससे […]

You May Like