​33 वें दिन ओरछा पहुंची दिग्विजय की पदयात्रा, आज यूपी में करेगी प्रवेश

विशेष संवाददाता ओरछा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा गुरुवार को अपने 33वें दिन रामराजा सरकार की नगरी ओरछा पहुंची। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बेतवा नदी के तट पर स्थित कंचना घाट पर असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं शिवार्चन पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दिग्विजय सिंह ने दिन की शुरुआत श्री रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन एवं पूजन-अर्चन से की। इसके बाद उन्होंने पत्नी अमृता राय और अन्य यात्रियों के साथ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन किया। इस दौरान कन्या पूजन भी किया गया तथा संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दो प्रमुख मुद्दे वोट चोरी और धार्मिक स्थलों पर चंदे एवं चढ़ावे में कथित अनियमितताएं हैं। वोट चोरी लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा गंभीर सवाल है, जबकि धार्मिक स्थलों के चंदे में पारदर्शिता श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है। दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, दया, करुणा, प्रेम और सद्भाव सनातन धर्म के मूल सिद्धांत हैं और यात्रा इन्हीं मूल्यों का संदेश दे रही है।

इस अवसर पर अमृता राय ने महिला श्रद्धालुओं को साड़ियां भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, ठंड को देखते हुए सहयात्रियों को बैग, स्वेटर और जैकेट वितरित किए गए। दिग्विजय सिंह ने मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज से भी भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

शाम को आदित्य पैलेस में लोक गायिका नेहा सिंह राठौर की भक्तिमय प्रस्तुति हुई। यात्रा का रात्रि विश्राम ओरछा में रहा।

उल्लेखनीय है कि 930 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से प्रारंभ हुई थी। शुक्रवार को यात्रा ओरछा से आगे बढ़ते हुए झांसी जिले के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी।

 

 

Next Post

Amazon पर अब कार खरीदने की भी मिलेगी सुविधा, 2027 में UK से शुरू होगी Amazon Autos सर्विस

Fri Nov 27 , 2026
मुंबई, Amazon अब कारों की खरीदारी के बाजार में भी अपनी पहुंच बढ़ाने जा रही है। कंपनी ने ब्रिटेन में Amazon Autos सर्विस लॉन्च करने का ऐलान किया है। ऑनलाइन शॉपिंग के लिए मशहूर Amazon अब कारों की खरीदारी के बाजार में भी अपनी पहुंच बढ़ाने जा रही है। बता […]

You May Like