ऑनलाइन शॉपिंग के लिए मशहूर Amazon अब कारों की खरीदारी के बाजार में भी अपनी पहुंच बढ़ाने जा रही है। बता दें कि कंपनी ने ब्रिटेन में Amazon Autos सर्विस लॉन्च करने का ऐलान किया है। यह प्लेटफॉर्म 2027 की शुरुआत में शुरू होगा और अमेरिका के बाहर Amazon Autos की पहली एंट्री होगी। इसके जरिए ग्राहक घर बैठे नई और पुरानी कारों के मॉडल देख सकेंगे उनकी कीमतों की तुलना कर पाएंगे और पसंद की गाड़ी रिजर्व भी कर सकते है। लेकिन कार की खरीदारी की अंतिम प्रक्रिया डीलरशिप पर ही पूरी होगी।
Hyundai की कारों से होगी Amazon Autos की शुरुआत
Amazon ने Hyundai को इस सर्विस का पहला घोषित कार ब्रांड पार्टनर बनाया है। लॉन्च के समय प्लेटफॉर्म पर Hyundai की इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड और पेट्रोल कारें उपलब्ध होंगी। शुरुआती लिस्ट में IONIQ 3, IONIQ 5, KONA और i20 जैसे मॉडल शामिल हैं। इसके अलावा ब्रिटेन के डीलर ग्रुप Vertu Motors की पुरानी कारें भी Amazon Autos पर लिस्ट की जाएंगी। कंपनी का कहना है कि लॉन्च से पहले और भी कार ब्रांड्स और डीलरशिप पार्टनर्स के नाम घोषित किए जाएंगे। इससे ग्राहकों को अलग-अलग कंपनियों की कारें एक ही प्लेटफॉर्म पर देखने का विकल्प मिल सकता है।
Amazon पर कार चुनने से लेकर रिजर्व करने तक की सुविधा
Amazon.co.uk पर ग्राहक उपलब्ध कारों की लिस्टिंग, उनकी कीमत और दूसरी जानकारियां देख सकेंगे। पसंद आने पर वे कार को ऑनलाइन रिजर्व कर पाएंगे। इसके अलावा अपनी पुरानी कार की अनुमानित एक्सचेंज वैल्यू जानने और नई गाड़ी के लिए फाइनेंस विकल्प देखने की सुविधा भी मिलेगी।
लेकिन इसे पूरी तरह ऑनलाइन कार खरीदने की प्रक्रिया समझना सही नहीं होगा। ग्राहक Amazon पर कार चुनकर रिजर्व करेंगे लेकिन कागजी कार्रवाई और खरीदारी पूरी करने के लिए संबंधित डीलरशिप से संपर्क करना होगा। खास बात यह है कि कारों की कीमत Amazon नहीं बल्कि संबंधित डीलर्स तय करेंगे।
अमेरिका में 150 से ज्यादा शहरों तक पहुंची सर्विस
Amazon Autos की शुरुआत अमेरिका में दिसंबर 2024 में Hyundai के साथ हुई थी। कंपनी ने इसको लेकर बताया है कि यह सर्विस अब अमेरिका के 150 से ज्यादा शहरों में उपलब्ध है और 35 कार ब्रांड्स की गाड़ियां प्लेटफॉर्म पर मिलती हैं।
वहीं Amazon Autos International के डायरेक्टर मैट नफोर्ट ने कहा, “कार खरीदना लोगों की सबसे बड़ी खरीदारी में से एक है, और हमें लगता है कि यह Amazon पर किसी भी चीज़ की शॉपिंग जितना ही आसान और ट्रांसपेरेंट लगना चाहिए,” ब्रिटेन में इस सर्विस की शुरुआत Amazon के लिए ऑटोमोबाइल कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाने का पहला कदम है।
