बीएचईएल संवाददाता भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने तकनीकी आधुनिकीकरण और उत्पादन क्षमता में सुधार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संस्थान के फाउंड्री विभाग में नवीनीकृत आर्क फर्नेस का गुरुवार को शुभारंभ किया गया।
बीएचईएल के कार्यपालक निदेशक पी.के. उपाध्याय ने इस उन्नत सुविधा का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक रूपेश तेलंग, राजेश कुमार अग्रवाल, आशीष औरंगाबादकर एवं संतोष डोंगरे सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा फाउंड्री, एफडीएक्स और ईएमएक्स अनुरक्षण विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
आर्क फर्नेस के आधुनिकीकरण से ऊर्जा खपत और परिचालन समय में कमी आने की उम्मीद है। इससे संस्थान को प्रतिवर्ष लगभग 32 लाख रुपये की बचत होगी। उन्नत फर्नेस से उत्पादन प्रक्रिया पर बेहतर नियंत्रण और अधिक सटीकता सुनिश्चित होगी, जिससे उत्पादों की गुणवत्ता, कार्यक्षमता और ग्राहक संतुष्टि में सुधार होगा।
यह पहल बीएचईएल भोपाल की आधुनिक तकनीक अपनाने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और उत्पादन लागत कम करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे इकाई की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत होने के साथ सतत औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
