भूमध्यसागरीय देशों के बीच सुरक्षा, ऊर्जा और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए मजबूत सहयोग की आवश्यकता: काजा काजा कालास

बार्सिलोना, (वार्ता) यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश मामलों और सुरक्षा नीति की उच्च प्रतिनिधि काजा कालास ने भूमध्यसागरीय क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों, समुद्री खतरों, मानवीय संकटों और ऊर्जा संबंधी चिंताओं से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करने का आह्वान किया है।

सुश्री कालास ने बार्सिलोना में भूमध्यसागरीय संघ के 11वें क्षेत्रीय मंच को संबोधित करते हुए कहा कि जोर दिया कि भूमध्य सागर के दोनों किनारों पर स्थित देशों को साझा चुनौतियों का सामना करने और क्षेत्रीय अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

सुश्री कालासा ने जॉर्डन के विदेश मंत्री अयमान सफादी के साथ इस मंच की सह-अध्यक्षता करते हुए कहा कि इस वर्ष की चर्चाओं का मुख्य केंद्र भूमध्यसागरीय संघ (यूएफएम) की भविष्य की भूमिका और इससे मिलने वाले व्यावहारिक परिणामों पर होना चाहिए। उन्होंने समुद्री सुरक्षा को एक प्रमुख क्षेत्रीय चिंता बताते हुए ‘बाब अल-मंदेब’ और ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ में शिपिंग में आ रही बाधाओं, अवैध प्रवासन, तस्करी, मानव तस्करी और ड्रोन, बिना चालक वाले जहाजों तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े उभरते खतरों की ओर ध्यान दिलाया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कोई भी देश अकेले इन चुनौतियों का सामना नहीं कर सकता और समुद्री सुरक्षा तथा अंतरराष्ट्रीय कानून की रक्षा के लिए सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया।

सुश्री कालास ने भूमध्यसागरीय देशों से ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ के संबंध में यूरोपीय संघ के ‘नो टोल्स, नो फीस’ (कोई टोल नहीं, कोई शुल्क नहीं) प्रस्ताव का समर्थन करने का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि अब तक भूमध्यसागरीय देशों में से केवल जॉर्डन ही इस पहल में शामिल हुआ है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र समुद्र विधि समझौता (यूएनसीएलओएस) के महत्व को दोहराया और लीबिया पर संयुक्त राष्ट्र के हथियारों के प्रतिबंध को लागू करने, अवैध तेल निर्यात को रोकने तथा प्रवासियों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से निपटने में यूरोपीय संघ के नौसैनिक अभियान ‘ऑपरेशन इरिनी’ की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस अभियान का कार्यकाल 2029 तक बढ़ा दिया गया है। इसके दायरे का विस्तार किया गया है, जिसमें अब समुद्र के नीचे बिछी केबलों और पाइपलाइनों की सुरक्षा करना तथा मिस्र, लेबनान, ट्यूनीशिया और लीबिया की नौसेनाओं और तटरक्षक बलों के साथ सहयोग को मजबूत करना शामिल है।

सुश्री कालास ने गंभीर मानवीय और सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहे देशों के लिए यूरोपीय संघ के निरंतर समर्थन को भी रेखांकित किया। उन्होंने गाजा के संबंध में घोषणा की कि यूरोपीय संघ ने वहां बिगड़ती मानवीय स्थिति (जिसमें हाल ही में आई बाढ़ का प्रभाव भी शामिल है) से निपटने के लिए मानवीय सहायता में 90 मिलियन यूरो से अधिक की वृद्धि की है। इसके साथ ही 2026 में गाजा के लिए ईयू की कुल मानवीय सहायता राशि 217 मिलियन यूरो से अधिक हो गयी है।

सुश्री कालासा ने लेबनान के संदर्भ में निरस्त्रीकरण, क्षेत्रीय नियंत्रण और सीमा सुरक्षा को मुख्य प्राथमिकताओं के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने बेरूत की अपनी हालिया यात्रा का भी जिक्र किया, जहां लेबनानी सशस्त्र बलों और आंतरिक सुरक्षा बलों को सलाह देने और सहायता प्रदान करने के लिए औपचारिक रूप से एक नया ईयू मिशन स्थापित किया गया है। उन्होंने सीरिया के मामले में भूमध्यसागरीय संघ में देश की वापसी का स्वागत किया और इस बात पर जोर दिया कि सीरिया में सुरक्षा और स्थिरता हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए आवश्यक है।

सुश्री कालासा ने आर्थिक अवसरों की बात करते हुए ‘ऊर्जा परिवर्तन’ को क्षेत्रीय सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद ऊर्जा की बढ़ती कीमतों ने देशों पर दबाव तो डाला है लेकिन साथ ही स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव को तेज करने का प्रोत्साहन भी दिया है। उन्होंने कहा कि भूमध्यसागरीय क्षेत्र नवीकरणीय ऊर्जा विकास का एक प्रमुख केंद्र बन सकता है।

सुश्री कालासा ने अप्रैल 2027 में अनुसंधान और नवाचार पर भूमध्यसागरीय संघ की एक मंत्रिस्तरीय बैठक की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला, जिसकी सह-अध्यक्षता यूरोपीय आयुक्त एकातेरिना ज़हारिएवा द्वारा किए जाने की उम्मीद है। उन्होंने इसके साथ ही उच्च शिक्षा पर पहली भूमध्यसागरीय क्षेत्र मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने भूमध्यसागरीय देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए युवाओं की भागीदारी, शैक्षिक आदान-प्रदान और कौशल विकास के महत्व पर जोर दिया।

सुश्री कालासा ने भूमध्यसागरीय संघ के भीतर सहयोग को और बेहतर बनाने का आह्वान किया और इसके महासचिव तथा दक्षिणी सह-अध्यक्षता के जनादेश को नवीनीकृत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाधान खोजने के अब तक के प्रयास असफल रहे हैं और इस बात पर जोर दिया कि संगठन को नयी गति देने के लिए नये लोगों को शामिल करना आवश्यक होगा।

सुश्री कालासा ने ईयू-भूमध्यसागरीय संबंधों को मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी। उन्होंने तर्क दिया कि भू-राजनीतिक अनिश्चितता के दौर में सहयोग और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा, “जब हम मिलकर काम करते हैं, तो हम सभी अधिक मजबूत होते हैं।” उन्होंने बहुपक्षवाद और सामूहिक कार्रवाई के महत्व को रेखांकित किया।

Next Post

स्कूल में हिजाब पहनने पर प्रतिबंध को सही ठहराने वाले इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला मिसाल नहीं : सुप्रीम कोर्ट

Fri Nov 27 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने कहा है कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 21 अगस्त के उस फैसले को मिसाल नहीं माना जायेगा जिसमें एक स्कूल की कक्षा में हिजाब पहनने पर प्रतिबंध को यह कहते हुए सही ठहराया गया था कि यह इस्लाम में जरुरी धार्मिक रिवाज नहीं है। […]

You May Like