जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत बड़ी खेरामाई मंदिर मेले घूमने गए युवक पर नशा करने के लिए 500 न देने पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपित ने उसके सीने में चाकू घोंप दिया । घायल को लहूलुहान हालत में विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबाटोला दुर्गा चौक निवासी 18 वर्षीय अभिलाष चौधरी अपने दो साथियों अनिकेत और अभिषेक चौधरी के साथ बड़ी खेरामाई मंदिर मैदान में लगे मेले में घूम रहा था। इसी दौरान नर्मदा मैदान के पास उसे उसके घर के सामने रहने वाले रितिक चौधरी का साला कृष्णा अपने एक अन्य साथी के साथ मिला और नशा करने के लिए 500 की मांग की। जब अभिलाष ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो दोनों आरोपी भडक़ गए।
अभिलाष ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी कृष्णा ने अचानक अपने पास छिपाकर रखा हुआ धारदार चाकू निकाला और अभिलाष के सीने पर बाईं तरफ दे मारा। चाकू लगते ही अभिलाष लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा था । मेले में अचानक हुई इस चाकूबाजी से वहां हडक़ंप मच गया। अभिलाष को बचाने के लिए जब उसके दोस्त अनिकेत और अभिषेक आगे आए, तो आरोपियों ने उन्हें भी अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
