जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने अपने अहम फैसले में कहा है कि मेडिकल पीजी प्रवेश प्रक्रिया में सरकारी सेवा में कार्यरत डॉक्टर केवल इन-सर्विस श्रेणी में होने के कारण ओपन या जनरल मेरिट की सीटों पर प्रवेश पाने की पात्रता से वंचित नहीं किए जा सकते। चीफ जस्टिस अल्पेश वाई कोगजे तथा जस्टिस विवेक जैन की युगलपीठ ने अपने आदेश में कहा है कि कोई इन-सर्विस उम्मीदवार ओपन मेरिट की निर्धारित पात्रता पूरी करता है, तो उसे सामान्य अभ्यर्थियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अधिकार है। युगलपीठ ने उक्त आदेश के साथ याचिका को खारिज कर दिया।
भोपाल निवासी डॉ जान्हवी बतरा तथा डॉक्टर एस सिंह की तरफ से दायर की गयी याचिका में कहा गया था कि संचालक मेडिकल एजुकेशन की तरफ से पीजी मेडिकल काउंसलिंग की पहली सूची जारी की गयी है। प्रथम काउंसलिंग के लिए जारी मेरिट सूची में इन सर्विस उम्मीदवारों को बड़ी संख्या में रखा गया है। इन सर्विस उम्मीदवारों के लिए सिर्फ 30 प्रतिशत सीट आरक्षित हैं।
दो दिनों में दाखिल करो जवाब
वरिष्ठ अधिवक्ता आदित्य संघी ने याचिकाकर्ताओं की तरफ से पक्ष रखते हुए कहा कि इन सर्विस उम्मीदवार को ओपन कैटेगरी का छात्र नहीं माना जा सकता है। वह इन सर्विस उम्मीदवार के तौर पर परीक्षा में शामिल हुए थे। युगलपीठ ने याचिका की सुनवाई करते हुए कहा कि काउंसलिंग में इन सर्विस उम्मीदवार को तीस प्रतिशत सीट में आरक्षण दिया जाये। युगलपीठ ने राज्य सरकार व संचालक मेडिकल एजुकेशन को नोटिस जारी कर हुए दो दिनों में जवाब पेश करने के आदेश जारी किये। नियम 14 के तहत प्रयुक्त शब्द परस्पर वरीयता का अर्थ केवल इन-सर्विस उम्मीदवारों के बीच मेरिट निर्धारण तक सीमित होना चाहिए। उनके अनुसार, इन-सर्विस डॉक्टरों को केवल उनके लिए आरक्षित 30 प्रतिशत सीटों पर ही प्रवेश मिलना चाहिए।
17 नवम्बर को किया था फैसला सुरक्षित
युगलपीठ ने याचिका की सुनवाई करते हुए विगत 17 नवम्बर को फैसला सुरक्षित रखने के आदेश जारी किये थे। युगलपीठ ने याचिका को खारिज करते हुए कहा है कि नियम 14 के उपनियम (5) में आवंटन शब्द का प्रयोग सीट आवंटन के संदर्भ में किया गया है। इसका अर्थ यह नहीं है कि इन-सर्विस उम्मीदवारों को ओपन मेरिट की सीटों से बाहर कर दिया गया है। संबंधित प्रावधान इन-सर्विस उम्मीदवारों के लिए प्रोत्साहन अंक जोड़कर उनकी मेरिट निर्धारित करने की प्रक्रिया बताता है, न कि उन्हें केवल आरक्षित कोटे तक सीमित करता है।
सेवा अवधि के आधार पर दिए जाते हैं प्रोत्साहन अंक
तीन वर्ष की सेवा पूरी करने वाले इन-सर्विस डॉक्टरों के लिए 30 प्रतिशत सीटों का अलग आरक्षण है। सेवा अवधि के आधार पर प्रोत्साहन अंक भी दिए जाते हैं। एक वर्ष की सेवा पर 10 प्रतिशत, दो वर्ष पर 20 और तीन वर्ष की सेवा पर 30 प्रतिशत अतिरिक्त अंक का प्रावधान है।
प्रोत्साहन अंक और 30 प्रतिशत आरक्षण दोनों अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। किसी डॉक्टर को 30 प्रतिशत आरक्षित कोटे में सीट नहीं मिलने का अर्थ यह नहीं है कि वह ओपन मेरिट में प्रवेश के लिए अयोग्य हो जाएगा। उसके प्राप्त अंकों में नियमानुसार प्रोत्साहन अंक जोड़कर मेरिट तैयार की जाएगी। राज्य सरकार को इन-सर्विस डॉक्टरों के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था बनाने का अधिकार है, लेकिन इससे उन्हें ओपन मेरिट में प्रतिस्पर्धा करने से रोकने का कोई स्वतः निषेध नहीं निकलता।युगलपीठ ने 2 नवंबर 2026 को पारित अंतरिम राहत समाप्त करते हुए काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ करने के आदेश जारी किये हैं।
