जबलपुर। मध्य प्रदेश महाधिवक्ता कार्यालय में नई नियुक्तियों को लेकर जारी विज्ञापन को चुनौती देने वाले आवेदन पर गुरुवार को सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे व जस्टिस विवेक जैन की युगलपीठ ने उक्त आवेदन पर उभयपक्षों के तर्क पूरे होने पर अपना फैसला सुरक्षित कर लिया है।उल्लेखनीय है यह जनहित याचिका मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व सह सचिव एवं अधिवक्ता योगेश सोनी की ओर से दायर की गई है। याचिका में प्रदेश सरकार के विधि एवं विधायी कार्य विभाग द्वारा 25 दिसंबर 2025 को जारी 157 लॉ ऑफिसरों की नियुक्ति सूची को चुनौती दी गई है।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2013 की राजपत्र अधिसूचना के अनुसार सरकारी वकील के रूप में नियुक्ति के लिए कम से कम 10 साल की वकालत का अनुभव अनिवार्य है। इसके बावजूद जारी सूची में कई ऐसे अधिवक्ताओं को लॉ ऑफिसर नियुक्त किया गया, जिनकी वकालत का अनुभव 10 साल से कम है। इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डीके जैन और पूर्व सचिव पारितोष त्रिवेदी ने भी नई टीम के चयन के मापदंडों पर सवाल उठाते हुए हाईकोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की थी। याचिका में नियुक्तियों की वैधता और निर्धारित पात्रता के पालन की जांच की मांग की गई थी। वहीं याचिकाकर्ता द्वारा एक आवेदन पेश कर एजी आफिस में नई नियुक्तियों को लेकर जारी विज्ञापन पर आपत्ति की गई थी। जिस पर गुरुवार को सुनवाई पश्चात् न्यायालय ने अपना फैसला सुरक्षित कर लिया। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता दिनेश उपाध्याय ने पक्ष रखा।
