
इंदौर. एमजी रोड थाना क्षेत्र के डॉलर मार्केट में सेकंड हैंड मोबाइल की खरीद-बिक्री के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि मार्केट से जुड़े कुछ लोग मोबाइल दिखाने के बहाने दुकानदारों से 40 से 60 हजार रुपए कीमत तक के मोबाइल ले गए. बाद में न तो मोबाइल लौटाए और न ही उनकी कीमत चुकाई. व्यापारियों की शिकायत पर पुलिस ने एक मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
डॉलर मार्केट में बड़ी संख्या में सेकंड हैंड मोबाइल की खरीद-बिक्री होती है. यहां दुकानदारों से मोबाइल लेकर ग्राहकों को दिखाने और बेचने के नाम पर कमीशन का काम करने वाले कुछ लोगों पर गड़बड़ी के आरोप लगे हैं. विनायक सहित अन्य लोग दुकानों से 40 हजार, 50 हजार और 60 हजार रुपए तक कीमत के मोबाइल दिखाने के बहाने ले गए थे. इसके बाद न मोबाइल वापस किए और न ही दुकानदारों को उनका भुगतान किया. व्यापारियों की शिकायत पर एमजी रोड पुलिस ने फिलहाल एक मामले में केस दर्ज किया है. मामले में विनायक सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं. पुलिस को इस संबंध में अन्य शिकायतें भी मिली हैं, जिनका परीक्षण किया जा रहा है. जांच के बाद आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि डॉलर मार्केट में सेकंड हैंड मोबाइल से जुड़ी शिकायत पर केस दर्ज किया है. अन्य शिकायतों का भी परीक्षण किया जा रहा है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
