
इंदौर. संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) इंदौर में संविधान की प्रस्तावना के वाचन का कार्यक्रम आयोजित किया. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती शैलजा पटवा ने अधिकारियों, कर्मचारियों और नव आरक्षक प्रशिक्षुओं को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया. उन्होंने संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों का महत्व बताते हुए सभी को संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया. उप पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद जैन ने भी संविधान के महत्व पर विचार रखे. इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और 79वें नव आरक्षक प्रशिक्षण सत्र के प्रशिक्षुओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में पीटीसी के समस्त राजपत्रित अधिकारी, अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.
