
इंदौर. नोटों की गड्डी का लालच देकर महिला से सोने-चांदी के जेवर ठगने की वारदात सामने आई है. दो बदमाश महिला को नोटों की गड्डी दिखाकर भरोसे में लेने के बाद उसके जेवर लेकर भाग गए. महिला ने बाद में रुमाल खोलकर देखा तो उसमें नोटों की जगह कागज और पत्थर मिले. घटना एमजी रोड थाना क्षेत्र में किशनपुरा पुल के पास दोपहर करीब 12 बजे हुई.
सांवेर क्षेत्र के ग्राम जेदपुरा निवासी मीरा बाई जाटवा पति मांगीलाल जाटवा नंदलालपुरा फ्रूट मार्केट रोड से होते हुए किशनपुरा पुल के पास पहुंची थीं. यहां दो युवकों ने उन्हें रोककर जेवरों का अच्छा दाम मिलने का लालच दिया और नोटों की गड्डियां दिखाईं. बातों में उलझाकर बदमाशों ने महिला से कान के सोने के टॉप्स और चांदी की अंगूठी ले ली. बदले में रुमाल में नोटों की गड्डी रखकर महिला को थमा दी और मौके से भाग निकले. कुछ देर बाद महिला ने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें नोटों की जगह कागज और पत्थर मिले. ठगी का पता चलने पर महिला ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस आरोपियों की तलाश में किशनपुरा पुल, नंदलालपुरा फ्रूट मार्केट रोड और राजवाड़ा मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है.
